April 15, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर। 
चकेरी में रहने वाली महिला को बैंक कर्मी बनकर साइबर ठगों ने केवाईसी अपडेट के नाम पर झांसे में लिया। ठगो ने उससे साइबर फ्रॉड से बचने के नाम पर केवाईसी अपडेट करने की बात कहते हुए अलर्ट किया। इसके बाद लिंक भेजकर खाते से 2.85 लाख रुपए उड़ा दिया। महिला ने मामले में चकेरी थाने में साइबर ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रामादेवी के गांधी ग्राम की रहने वाली सरिता देवी ने बताया कि उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम आशुतोष सिंह बताया और कहा कि वह बैंक का कर्मचारी है।
फिर केवाईसी अपडेट न करने पर खाता बंद हो जाने व आनलाइन फ्राड हो जाने की बात कहते हुए अलर्ट किया। इससे महिला का भरोसा और जम गया। इसके बाद साइबर ठग ने लिंक शेयर किया और उसपर केवाईसी अपडेट करने को कहा। सरिता देवी ने जैसे ही लिंक में डिटेल भरी उनके खाते से 2.85 लाख रुपए कट गए।
धड़ाधड़ उनके खाते से रकम निकलने का मैसेज आने पर उन्होंने संबंधित नंबर पर कॉल बैक की तो उसने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद उन्हें साइबर ठगी का अहसास हुआ। तब उन्होंने जाकर चकेरी थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई।
चकेरी थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज करके मामले में कार्रवाई की जा रही है।