March 5, 2026

संवाददाता

कानपुर। एक संविदा सफाई कर्मी की मौत पर मंगलवार को परिजनों ने डीएम ऑफिस के बाहर शव रखकर हंगामा किया था। अब प्रदर्शन करने वाले 30 अज्ञात लोगों पर कचहरी चौकी इंचार्ज ने कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
उस्मानपुर केशव नगर निवासी रामपाल केडीए में संविदा पर सफाईकर्मी थे। परिजनों का आरोप है कि 16 दिसंबर को केडीए दस्ते ने अतिक्रमण हटाने के दौरान उनका मकान गिरा दिया था। उन्हें आवास दिलाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई व्यवस्था नहीं हुई। कड़ाके की ठंड में परिवार तिरपाल के नीचे रह रहा था। परिवार का आरोप है कि ठंड से रामपाल की मौत हुई। पोस्टमॉर्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका, बिसरा सुरक्षित किया गया है।

मंगलवार सुबह रामपाल तिरपाल के नीचे मृत अवस्था में मिले। परिजनों ने आरोप लगाया कि ठंड से मौत हुई है। इसके बाद परिजन शव लेकर भैराेघाट जाने के बजाए कलेक्ट्रेट पहुंच गए और शव रखकर धरना देते हुए हंगामा किया। 

मामले को लेकर कचहरी चौकी प्रभारी अजय कुमार ने तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी जगदीश प्रसाद पांडेय ने बताया कि 30 अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
डीएम ऑफिस के बाहर शव रखे जाने की सूचना मिलते ही डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता, एसीपी कोतवाली आशुतोष कुमार समेत कई थानों की फोर्स मौके पर आ गई थी। मुआवजे के आश्वासन के बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए लेकर गए थे।
मृतक की बेटी ज्योति ने बताया कि उनके पिता की ठंड से मौत हुई है। 16 दिसंबर को केडीए द्वारा उनका मकान गिराए जाने के बाद वह ठंड में तिरपाल डालकर रह रहे थे। भीषण ठंड से उनकी मौत हो गई। उनको रहने के लिए मकान और मुआवजा चाहिए। परिजनों द्वारा डीएम कार्यालय के बाहर शव रखे जाने के बाद एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार मौके पर पहुंचे थे। एडीएम से वार्ता के बाद परिजन शव को पोस्टमॉर्टम के लिए लेकर रवाना हो गए थे। 
इस मामले में डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने तीन सदस्यीय कमेटी की गठन किया है, जिसमें एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार, केडीए सचिव व एक अन्य विभाग के अधिकारी को शामिल किया है। यह कमेटी मकान गिरने से लेकर मौत तक की जांच करेगी। यदि शीतलहर से मौत हुई है तो नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।