March 13, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  कार सवारों ने आठवीं के छात्र की गला दबाकर हत्या कर दी। उसके शव को कानपुर देहात के शिवली में झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले। इसमें ठेला लेकर जा रहे छात्र को कार सवार रोकते दिख रहे हैं। कार सवार लोगों ने छात्र को अंदर खींच लिया और फरार हो गए।

पुलिस ने छात्र का शव बरामद किया। उसके गले पर निशान हैं। हत्या की जांच के लिए पुलिस ने दो टीमें गठित की हैं। संदेह के आधार पर दो ठेला लगाने वालों को हिरासत में लिया गया है। घटना पनकी थाना क्षेत्र की है।
सजेती के गुरैयनपुर गांव के रहने वाले प्रदीप निषाद ने बताया कि मैं पनकी के गंगागंज में रहता हूं। मेरा छोटा भाई कुलदीप निषाद हंस विद्या मंदिर गंगागंज में पढ़ता था। वह कक्षा आठ का छात्र था।
वह पढ़ाई के साथ-साथ पनकी के कैंब्रिज चौराहे पर पानी के बतासे का ठेला लगाता था। वह 12 अगस्त की रात वहां से रात करीब 11 बजे घर के लिए निकला था। मगर घर नहीं पहुंचा।
उसका ठेला चौराहे से लगभग 500 दूर कांशीराम की ओर लावारिस हालात में मिला। मैंने पनकी पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। कुलदीप का शव कानपुर देहात के शिवली में मिला।
प्रदीप ने बताया कि कार सवारों ने अपहरण करने के बाद मेरे भाई की हत्या की है। इसका एक सीसीटीवी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि कुलदीप ठेला लेकर घर की ओर जाता दिख रहा है। तभी एक कार पीछे से आती है। ठेले को ओवरटेक करते हुए आगे रुक जाती है। कार से उतरकर कुछ लोग भाई को अंदर खींच कर फरार हो गए।
उन्हीं लोगों ने मेरे भाई की हत्या की है। शव को कानपुर देहात के शिवली में फेंक दिया। पुलिस ने आज शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है। कैंब्रिज चौराहे पर जहां मेरा भाई कुलदीप ठेला लगाता था। वहीं पर चाउमीन का ठेला लगाने वाले राजन, गोलगप्पे वाला प्रशांत और फालूदे वाले ने आपत्ति जताई थी।
दो दिन पहले चाऊमीन का ठेला लगाने वाले राजन से भी कुलदीप का विवाद हुआ था। ठेले लगाने के विवाद में ही मेरे भाई की अपहरण के बाद हत्या की गई है।
कुलदीप का शव देखते ही मां राममूर्ति गश खाकर गिर पड़ीं। जबकि पिता हरिश्चंद्र रो-रो कर बेहाल हो गए। भाई प्रदीप को भी परिवार के लोगों ने संभाला। दोनों बहनें पूजा और गोमती भाई के कलाई पर बंधी राखी पकड़कर रोती दिखीं। बहनें कह रही थीं, भाई इस तरह छोड़कर नहीं जा सकते हो।
डीसीपी वेस्ट दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि नाबालिग की गुमशुदगी दर्ज की गई थी। उसका शव कानपुर देहात के शिवली से बरामद हुआ है। परिवार के लोगों ने अपहरण के बाद हत्या की आशंका जताई है।
पनकी पुलिस की दो टीमें मर्डर केस की जांच के लिए लगाई गई हैं। सीसीटीवी से पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। संदिग्ध ठेले वाले को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।