
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर में रहीमपुर करीमपुर गांव में हुई डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक महिला समेत 6 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस गैंग की सरगना एक महिला है। लुटेरों ने परिचित बनकर घर में घुसकर महिला, उसकी वृद्ध सास और बेटी को बंधक बनाकर लूटा था।
बदमाशों ने सोने के 9 जोड़े बाले, 2 जंजीरें, 6 अंगूठिया, 4 चूड़ी, चांदी की 3 जोड़ी पायल, एक कमर पेटी, 14 चांदी के रुपए, 3 मोबाइल और 7 हजार रुपए लूट लिए थे।
रहीमपुर करीमपुर गांव निवासी सोनम कटियार पति विपिन कुमार कटियार की मौत के बाद बेटी पलक और सास श्यामकली के साथ रहती हैं। जब वह लोग सोने की तैयारी कर रही थे। तभी मुख्य द्वार पर आई एक महिला और एक युवक अपने आपको परिचित बताकर घर में दाखिल हुए थे। इसके बाद पीछे से 4 बदमाश घर में और घुस आए। सभी ने वृद्धा, उनकी बहू और नातिन को बंधक बनाने के बाद धमकाकर अलमारी और बक्से की चाबी ले ली थी और ताले खोलकर उसमें रखें सोने के बाले, जंजीर, छह अंगूठी, चार चूड़ी, तीन जोड़ी चांदी की पायल, कमर पेटी, चांदी के रुपए, तीन मोबाइल और सात हजार रुपए लूट कर फरार हो गए थे। घटना के बाद पड़ोसी ने फोन करके पुलिस को मामले की सूचना दी थी।
बदमाशों के पास से पुलिस ने डकैती में लूटा गया माल भी बरामद कर लिया। पकड़े गए बदमाशों पर पहले से ही विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। सभी अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया। वहीं डीसीपी दिनेश त्रिपाठी ने बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली टीम को बीस हजार रुपए पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की है।
पकड़े गए बदमाशों में अलीगढ़ की गिरिजा उर्फ गुनगुन चौधरी, राजू यादव उर्फ रविंद्र सिंह, बुलंदशहर के राजा उर्फ यशपाल, रिंकू यादव उर्फ चीता, इटावा के अंकुर उर्फ प्रवीण और बिल्हौर के पियूष कटियार शामिल हैं। डीसीपी दिनेश त्रिपाठी ने बताया पियूष कटियार पीड़ित परिवार का रिश्ते में भतीजा लगता है। इसी ने लूट की साजिश रची थी। डीसीपी ने बताया कि भतीजा कर्ज में डूबा था। इसलिए उसने इन लुटेरों से मिलकर लूट की साजिश रची थी।