March 3, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
नगर निगम शहर के बेसहारा पशुओं को गौशालाओं में रखने की व्यवस्थाएं बढ़ा रहा है। शहर की प्रमुख गौशालाओं में पशुओं के रहने के लिए काल्फ शेड, चरनी, फ्लोरिंग समेत रेनोवेशन में 50 लाख खर्च किए जाएंगे। नगर निगम ने इसको लेकर टेंडर जारी किए हैं, आने वाले डेढ़ महीनों में कार्य पूरे किए जाएंगे।

नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने पिछले दिनों शहर की अलग-अलग गौशालाओं में निरीक्षण करके बेसहारा पशुओं के रहने की व्यवस्था को और अच्छा करने के निर्देश दिए थे। इसके क्रम में मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके निरंजन ने राधिका, कान्हा और बकरमंडी गौशाला में जरूरी कार्य कराने का प्रस्ताव तैयार किया था। जिसको लेकर अब टेंडर जारी कर दिए गए हैं।

किशनपुर स्थित राधिका गौशाला में बाउंड्रीवाल और गेट का निर्माण कार्य होगा। इसमें 5.61 लाख रुपए खर्च होंगे। जाना गांव में सबसे बड़ी कान्हा गोशाला में काउ शेड में निर्मित काल्फ शेड की छत का निर्माण होगा, जिसमें 8.47 लाख रुपये खर्च होंगे। यहां अस्पताल के आगे मिट्टी भरने का कार्य और कान्हा गौशाला में ही राधिका गौशाला की तरफ काल्फ शेड का निर्माण होगा।
इन दोनों ही कार्यों में लगभग 15 लाख रुपए खर्च होंगे। इसके साथ ही बकरमंडी में छोटी गौशाला में पशुओं के लिए चरनी का निर्माण, फ्लोरिंग व शेड लगाने का कार्य में लगभग 17 लाख रुपए खर्च होंगे। नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने कहा है कि समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य कराया जाए।