March 10, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
सरसौल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सीएचसी प्रभारी डॉ. अविनाश यादव के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने शुगर, हीमोग्लोबिन, कैंसर स्क्रीनिंग और टीबी समेत विभिन्न जांचें कीं।
यह शिविर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर मनाए जा रहे सेवा पखवाड़े का हिस्सा है। सेवा पखवाड़ा  2 अक्टूबर तक चलेगा। शिविर में आयुर्वेद, होम्योपैथी और आईटीबीपी स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौजूद रहीं।
शिविर में करीब 400 लोगों ने पंजीकरण कराया। इनमें महिलाओं की संख्या अधिक थी। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ब्लड प्रेशर, शुगर और पोषण संबंधी जांच की। बच्चों का टीकाकरण किया गया। महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की जानकारी दी गई। इस दौरान मरीजों को निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गई।
डॉ. अविनाश यादव ने बताया कि सीएचसी में मरीजों के लिए 24 घंटे स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ महिला ही सशक्त परिवार और मजबूत समाज की नींव रख सकती है। अधिकारियों ने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।
शिविर में डॉ. दीपेंद्र उत्तम, डॉ. अजीत यादव, डॉ. मोनिका, डॉ. अनीता, डॉ. जफर हयात, डॉ. अश्विनी बाघमारे, डॉ. अरविंद राहुल, डॉ. रंजना गुप्ता समेत कई चिकित्सक मौजूद रहे।