
संवाददाता
कानपुर। गिरिजानगर में 37वीं वाहिनी पीएसी में ‘योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ’ थीम पर योग शिविर आयोजित किया गया। वाहिनी क्रिकेट ग्राउंड पर सेनानायक बी.बी. चौरसिया, आईपीएस की उपस्थिति में जवानों ने योग किया।
योगाचार्य सूबेदार सैन्य सहायक सुरेंद्र सिंह ने जवानों को विभिन्न योगाभ्यास कराए। इनमें सूर्य नमस्कार, मर्कटासन, कपालभाति, अर्धचक्रासन, ताड़ासन, भ्रामरी प्राणायाम, भस्त्रिका प्राणायाम, मकरासन, वज्रासन, सर्वांगासन, नौकासन, हास्यासन और शवासन प्रमुख थे। योगाचार्य ने इन आसनों के लाभों पर भी प्रकाश डाला।
सेनानायक बी.बी. चौरसिया ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से मन को शांति मिलती है और शरीर स्वस्थ रहता है। उन्होंने बताया कि योग से मानसिक, शारीरिक, भावनात्मक और सामाजिक लाभ प्राप्त होते हैं। उनके अनुसार, प्रतिदिन 20-30 मिनट योग करने से जीवन में संतुलन, ऊर्जा और मानसिक शांति आती है। यह एक प्राकृतिक और सुरक्षित जीवनशैली है।
इस अवसर पर शिविरपाल चंद्रेश्वर, दलनायक ड्यूटीदल ब्रज किशोर साहू, दलनायक मुन्नू लाल, आरटीसी प्रभारी मनोज कुमार श्रीवास्तव, दलनायक इंदल राम, दलनायक अरविंद कुमार, पीसी रावेंद्र चौधरी सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित थे।






