
संवाददाता
कानपुर। गोविंद नगर क्षेत्र के नौरैयाखेड़ा में वर्चस्व की जंग में फायरिंग करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
गोविंद नगर इंस्पेक्टर ने बताया कि गिरोह के युवकों ने एक माह पहले ही पनकी में फायरिंग की थी, जिस पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, हाल ही में आरोपी जेल से छूटकर आए थे।
नौरैयाखेड़ा निवासी मोहित, निशांत यादव, आदर्श की बीते 18 अगस्त को पनकी थाना क्षेत्र के सरायमीता के पास स्थित शराब ठेके के पास पनकी निवासी अभय यादव, करण सरोज, रोहन सरोज, कृष्णा शुक्ला उर्फ गोलू, साहिल खान, आकाश मास्टर से विवाद हुआ था। मोहित, निशांत, आदर्श भाग कर नौरैयाखेड़ा आए तो दूसरा पक्ष भी अपनी कार से वहां आ पहुंचा।
वहां भी विवाद हुआ, इस दौरान कार में तोड़फोड़ भी हुई। 20 अगस्त को दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया। इस दौरान अभय ने पहले पक्ष का माफी मांगते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिस पर दूसरे पक्ष ने कार में तोड़फोड़ करते और अभय व उसके दोस्तों को पीटते हुए वीडियो वायरल कर दिया।
इसी बात में खुन्नस पाले अभय यादव अपने साथियों के साथ देर रात करीब 2 बजे तीन बाइकों से पहुंचे, इस दौरान करीब 6 राउंड फायरिंग की। ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज सुन लोग बाहर आए तो दबंगों ने बमबाजी कर दी थी। इस दौरान छर्रे लगने से महिला घायल हो गई थी। घटना आसपास लगे घरों के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
गोविंद नगर इंस्पेक्टर बताया कि पनकी बगिया निवासी करण सरोज, रोहन सरोज व नौरैयाखेड़ा निवासी आकाश मास्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने पहले भी पनकी में फायरिंग की थी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें जेल भेजा था। कुछ ही दिन पहले आरोपी जेल से छूटकर आए हैं। घटना के मुख्य आरोपी अभय यादव की तलाश में टीमें लगी हुई हैं।






