आज़ाद संवाददाता
कानपुर। फजलगंज पुलिस की 25 हजार के इनामी बदमाश से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने गोविंदपुरी पुल के पास घेराबंदी की तो बदमाश ने सीधे फायर झोंक दिया। इसके बाद पुलिस ने उसकी घेराबंदी की और पैर में गोली मारकर अरेस्ट कर लिया। शातिर कई महीनों से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।
एसीपी स्वरूप नगर इंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि फजलगंज थाना क्षेत्र में 25 हजार के इनामी बदमाश आकिब का मूवमेंट है। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन ली। देर रात 1 बजे गोविंद नगर पुल, डाक यार्ड, जीएमसी सिक लाइन के पास पुलिस ने आकिब को घेरा तो उसने सीधे पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आकिब को घेरकर उसके पैर में गोली मारकर अरेस्ट कर लिया। आकिब के पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है।
आकिब 25 हजार का इनामी बदमाश है। उसके खिलाफ फजलगंज समेत कई थानों में गंभीर मुकदमें दर्ज हैं। फजलगंज पुलिस ने उसके खिलाफ 25 हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने आकिब को प्राथमिक उपचार के लिए हैलट में एडमिट कराया है। अब उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा।
