
संवाददाता
कानपुर। नगर के नरवल तहसील स्थित ग्राम भूखनाही में लगभग 20 वर्षों से लंबित नाली निर्माण का विवाद जिलाधिकारी के हस्तक्षेप से हल हो गया है। यह मामला जनता दर्शन कार्यक्रम में सामने आया था।
ग्राम पंचायत द्वारा भूखनाही में नाली निर्माण प्रस्तावित था, लेकिन कुछ ग्रामीणों के लगातार विरोध के कारण कार्य रुका हुआ था। इससे जल निकासी बाधित हो रही थी और ग्रामीणों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्राम प्रधान और अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर समाधान की मांग की थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी नरवल को तत्काल मौके पर पहुंचकर विवाद का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्देशों का पालन करते हुए, उपजिलाधिकारी नरवल विवेक कुमार मिश्रा ने एसीपी चकेरी और खंड विकास अधिकारी सरसौल के साथ संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण किया।
टीम ने दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी बात सुनी और विवाद के मूल कारणों की जांच की। जांच में पाया गया कि नाली के निर्माण की दिशा और स्थान को लेकर असहमति के कारण कार्य बाधित हो रहा था। प्रशासनिक टीम ने मौके पर ही अवरोधों को समाप्त कराया और दोनों पक्षों को ग्राम हित में सहमति के लिए राजी किया।
इसके बाद, संयुक्त टीम की मौजूदगी में तत्काल नाली निर्माण कार्य शुरू किया गया। पूरी नाली की खुदाई कराकर जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया गया है।
प्रशासन की सक्रिय पहल से दो दशक पुराना यह विवाद समाप्त होने पर ग्रामीणों ने राहत व्यक्त की। उपजिलाधिकारी नरवल विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर मामले का निस्तारण किया गया है। उन्होंने कहा कि ग्राम हित को सर्वोपरि रखते हुए दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाकर नाली निर्माण कार्य पूरा कराया गया है, और भविष्य में भी ऐसी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।






