
संवाददाता
कानपुर। जाजमऊ थाना क्षेत्र में ट्रक चालकों से लूटपाट करने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। पुलिस उनके एक फरार साथी की तलाश कर रही है।
यह गिरफ्तारी 23 जनवरी की रात हुई एक घटना के संबंध में की गई है। कानपुर देहात के बारा गांव निवासी ट्रक चालक शाहबाज ने बताया कि वह महाराष्ट्र से चमड़ा लेकर जाजमऊ आया था। शाम करीब 7 बजे फज़ल उर्फ अंडरटेकर और अरमान उसके पास आए।
शाहबाज के अनुसार, दोनों ने उससे सिगरेट के पैसे मांगे। जब उसने जेब से पैसे निकाले, तो फज़ल और अरमान ने उसकी जेब में रखे 32,000 रुपये छीन लिए। इसके बाद वे उसे धमकी देकर फरार हो गए।
शाहबाज की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू की। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि फज़ल और अरमान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, और फरार तीसरे आरोपी की तलाश के लिए एक टीम गठित की गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी फज़ल का आपराधिक इतिहास रहा है। 2 फरवरी 2022 को उस पर अपनी पत्नी की हत्या का आरोप लगा था। जेल से छूटने के बाद से वह लूट, छिनैती और चोरी जैसी वारदातों को अंजाम दे रहा था।






