October 23, 2024

संवाददाता।
कानपुर। अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर शहर में नगर निगम ने एक हफ्ते के विशेष सफाई अभियान एक्शन प्लान तैयार किया है। 14 से 21 जनवरी के बीच चलने वाले इस अभियान में जोनल स्तर पर यह सफाई अभियान चलाया जाएगा, जिसमें सड़कों को साफ करने के साथ मंदिर-गुरुद्वारे व अन्य धार्मिक स्थलों के आस-पास विशेष सफाई की जाएगी। नगर आयुक्त ने शुक्रवार को अभियान को लेकर बैठक कर सभी जोनल अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी। श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर प्रदेश भर के सभी मंदिरों में रामकथा, रामायण-पाठ, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम कराए जाने हैं। जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन ने संभाल ली है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सफाई को लेकर अपील की है। नगर निगम भी मंदिर, सड़कों को सजाने में जुट गया है। अपर नगर आयुक्त प्रतिपाल सिंह चौहान ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सभी जोनल अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि वह वार्ड स्तर पर सफाई अभियान चलाएं। इसके साथ प्रमुख सार्वजनिक स्थल बस अड्डे, रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन के आस-पास व बाजारों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। मंदिरों को झालरों से सजाने के साथ ही मंदिर जाने वाली सड़कों को गड्ढा-मुक्त बनाने के साथ सफाई कराई जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी जोनल अधिकारियों की होगी। सफाई अभियान की नगर आयुक्त मॉनिटरिंग करेंगे। प्रतिपाल सिंह ने बताया कि इस दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ भी अभियान चलाया जाएगा। खास तौर पर दफ्तरों में भी जहां हम लोग प्लास्टिक की बोतलों में पानी पीते हैं, उस पर भी रोक लगाई जाएगी। नगर निगम के दस्ते को इसके लिए सक्रिय कर दिया गया है। बाजारों में पॉलिथिन के चलन को रोकने के लिए प्रचार प्रसार किया जाएगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News