May 8, 2025

संवाददाता 
कानपुर।
मान्यवर कांशीराम संयुक्त चिकित्सालय एवं ट्रामा सेंटर रामादेवी में भर्ती होने वाले मरीजों को अब प्राइवेट वार्ड भी उपलब्ध हो सकेंगे। इस महीने के अंत तक वार्ड को शुरू कराने की कवायद तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि इसी माह के अंत तक यहां पर मरीज भर्ती होने लगेंगे।
कांसीराम अस्पताल के सीएमएस डॉ. नवनीत चंद्रा ने बताया कि अस्पताल में अभी तक प्राईवेट वार्ड नहीं थे। इसकी काफी लंबे समय से मांग चल रही थी। सरकार की तरफ से हरी झंडी मिलने के बाद काम शुरू हो गया है।
जल्द से जल्द यहां का काम खत्म कराने का प्रयास चल रहा है। वार्ड पहले से ही बने हुए थे, लेकिन वो ठीक नहीं थे। 10 से 15 दिन के अंदर काम खत्म हो जाएगा और फिर इसे मरीजों के लिए खोल दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 11 प्राइवेट वार्ड यहां पर बनाए गए हैं। एक वार्ड का किराया प्रतिदिन के हिसाब से 500 रुपए होगा। इसमें मरीजों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए काम किया गया है।
इसके अलावा ओटी का चार्ज और कुछ दवाओं का चार्ज देना होगा, जिसका शुल्क अभी निर्धारित नहीं किया गया है। आगामी 10 दिनों में शुल्क भी निर्धारित कर दिया जाएगा।
बनाए गए प्रत्येक वार्ड में मरीज के बेड के अलावा एक डबल बेड होगा। इसके अलावा अलमारी, सोफा, कुर्सी, बाथरूम होगा। तिमारदार अपना खाना भी वहां पर बनाकर खा सकेंगे, इसके लिए एक पर्सनल किचन भी होगा।