
आ स. संवाददाता
कानपुर। शहर के हर घर से कूड़ा उठाने को लेकर नई कवायद शुरू की गई है। नगर निगम अब शहर के 1 लाख नए घरों से कूड़ा उठाएगा। अभी शहर में करीब ढाई लाख घरों से ही कूड़ा उठान हो रहा है। अभी तक शहर में जेटीएन, दीक्षांक और परिवर्तन संस्था घरों से कूड़ा उठान कर रही है।
नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि शहर में अभी 55 फीसदी कूड़ा ही उठ रहा है। इसको 75 फीसदी तक बढ़ाने के लिए 1 लाख नए घरों को चिह्नित किया गया है। अभी जोन-1 और जोन-4 से शत प्रतिशत घरों से कूड़ा उठान किया जा रहा है।
नगर निगम ने सभी प्राइवेट कंपनियों को करीब 400 गाड़ियां सौंप रखी हैं, जिनके जरिए कूड़ा उठान किया जाता है। इस बार 100 नई गाड़ियों की जिम्मेदारी प्राइवेट कंपनियों को सौंपी गई है। कूड़ा गाड़ियां भी वही कम्पनियाँ खरीदेंगी और संचालन भी खुद करेंगी ।
नई 100 गाड़ियों में से 70 गाड़ियां जेटीएन और 30 गाड़ियां दीक्षांक संस्था द्वारा संचालित होंगी। डोर-टू-डोर कूड़ा उठान से प्रतिमाह करीब 70 लाख रुपए का कलेक्शन किया जा रहा है।
प्रत्येक कूड़ा गाड़ी को जीपीएस से लैस किया जाएगा। इसकी मॉनिटरिंग के लिए नगर निगम मुख्यालय में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।