February 16, 2026

संवाददाता।
कानपुर। नगर के छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय,कानपुर में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के निर्देश में विश्व हिन्दी दिवस के अवसर पर 10 जनवरी को दो दिवसीय भाषा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। पहले दिन बुधवार को उद्घाटन सत्र में “हिंदी और कृत्रिम मेधा” विषय पर शिक्षाविदों और विशेषज्ञों का व्याख्यान होगा। इसमें बतौर मुख्य अतिथि प्रसिद्ध कवि पद्मश्री प्रो. अशोक चक्रधर उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के पहले दिन एआई सीटीआई के मुख्य समन्वय अधिकारी डॉ. बुद्ध चंद्रशेखर, कवि डॉ. ओम निश्चल, प्रो. अवनिजेश अवस्थी भी बतौर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। प्रथम सत्र “हिन्दी का विश्व और विश्व की हिन्दी” विषयक व्याख्यान में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बलदेव भाई शर्मा, जामिया मिलिया इस्लामिया के प्रो. महेंद्र पाल शर्मा, दिल्ली विश्वविद्यालय डॉ. सतेन्द्र पाल सिंह शामिल होंगे। द्वितीय सत्र में “भाषा, साहित्य, देवनागरी लिपि और संस्कृति के अंतःसंबंध” पर विशेषज्ञों के व्याख्यान आयोजित किये जाएंगे। व्याख्यान में प्रसिद्ध अभिनेता अखिलेंद्र मिश्रा, नागरी विकास परिषद (देवनागरी लिपि एवं भारतीय भाषाएं) के महासचिव डॉ. हरि सिंह पाल व महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के पूर्व कुलपति प्रो. गिरीश्वर मिश्र आदि लोग अपने व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में व्याख्यान के बाद विश्वविद्यालय के वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई आडिटोरियम में कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया जायेगा। इसमें कवियित्री डॉ. भूमिका भूमि, कवि रामायण धर द्विवेदी, गीतकार डॉ. सागर, कवि डॉ. राजीव राज और पद्मश्री प्रो. अशोक चक्रधर के काव्यपाठ से हिन्दी दिवस का अंतिम सत्र सराबोर होगा। भाषा उत्सव के दूसरे दिन आयोजित “हिंदी गौरव सम्मान” में पीपीएन कॉलेज पूर्व प्रचार्य प्रो. प्रमिला अवस्थी, डीबीएस कॉलेज के पूर्व हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रो. शिव कुमार दीक्षित, प्रो. लक्ष्मीकांत पांडेय आदि प्रमुख व्यक्ता के रूप में शामिल होंगे। द्वितीय सत्र में हिंदी पत्रकारिता सम्मान 2024 विषयक कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार अंकित शुक्ला, वरिष्ठ पत्रकार आशीष त्रिपाठी, वरिष्ठ पत्रकार जितेंद्र शुक्ला आदि छात्रों के साथ संवाद करेंगे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News