October 23, 2024

संवाददाता।
कानपुर।
नगर में सर्दी का सितम हाल फिलहाल खत्म नहीं होगा। तेज उत्तर पश्चिमी बर्फीली हवाएं चलती रहेंगी। यह हवाएं बेहद मारक रहेंगी। धूप भले खिले लेकिन सर्दी से कोई राहत नहीं मिलेगी। शुक्रवार सुबह प्रदेश में सबसे सर्द रही। न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गुरुवार को रात का तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 2.9 डिग्री कम है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में बर्फीली हवाएं जारी रहेंगी। सुबह और शाम कोहरा रहेगा। धूप के बावजूद अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 1.7 डिग्री कम रहा। 13 जनवरी के बाद से अब तक अधिकतम पारा 15 डिग्री या इससे नीचे नहीं गया है। रात का पारा पूरे जनवरी भर 04 से 06 जनवरी को छोड़ 10 डिग्री से नीचे ही रहा है। दो दशक पहले जैसी सर्दी का इस वर्ष अहसास हो रहा है लेकिन तब की तरह तापमान में गिरावट दर्ज नहीं की गई है। इस सर्दी में नरमी की उम्मीद न करें। अगले चार से पांच दिन तक सर्दी में नरमी की उम्मीद कम ही है। वर्तमान में कानपुर के ऊपर से गुजर रही जेट स्ट्रीम बार-बार परेशान करती रहेगी। बर्फीली हवाओं की गस्ट सर्दी से राहत नहीं दिलाएंगी। यह तेज हवाएं 19 को कुछ समय के लिए हल्की पड़ सकती हैं लेकिन फिर इनमें गति बढ़ जाएगी। 22 जनवरी तक तेज सर्द हवाएं बनी रहेंगी। भले ही कानपुर में रफ्तार बनी रहे लेकिन आम जन जीवन पर शीतलहर का असर पड़ने लगा है। आमतौर पर शहर में फेरी लगाकर बेचने वालों की संख्या कम हो गई है। मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक तेज बर्फीली हवाएं अधिक नुकसान पहुंचाती हैं। सिर, कान और गले को ढक कर रखें। अभी शीतलहर बनी रहेगी। रात-दिन इन हवाओं से ठिठुरन, कंपन और गलन बनी रहेगी। आगे बारिश के आसार भी बन सकते हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News