October 18, 2024

संवाददाता।
कानपुर। नगर मे पिंक ट्वायलेट बनाने को लेकर सपा और भाजपाई आपस में भिड़ गए। शास्त्री नगर पुलिस चौकी के पास ही पिंक ट्वॉयलेट का निर्माण किया जाना था । इसको लेकर व्यापारियों के साथ भाजपा के मंडल अध्यक्ष ने विरोध शुरू किया। आरोप है कि सपा पार्षद ने भाजपा मंडल अध्यक्ष के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद भड़के भाजपाइयों ने काकादेव थाना घेर लिया। पुलिस की लचर कार्रवाई से नाराज भाजपा नेताओं ने काकादेव थाना पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। पूरा थाना घेरकर पुलिस-प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाना शुरू कर दिया गया। सूचना पर सैकड़ों की संख्या में भाजपाई थाने पहुंचे। हंगामा बढ़ता देख आधा दर्जन से ज्यादा थाने का फोर्स, तीन एसीपी और पीएसी फोर्स काकादेव थाने पहुंची। शास्त्री नगर वार्ड में स्थित पुलिस चौकी चौराहा के पास नगर निगम निधि से पिंक ट्वॉयलेट का निर्माण किया जा रहा था। मौके पर सपा पार्षद विनोद गुप्ता अपने भाई विनय गुप्ता के साथ मौके पर मौजूद थे। व्यापारियों की शिकायत पर मौके पर पहुंचे भाजपा मंडल अध्यक्ष वात्सेय त्रिपाठी भी पहुंचे। आरोप है कि निर्माण का विरोध करने पर सपा पार्षद और उसके भाई ने मंडल अध्यक्ष के साथ मारपीट कर दी। हंगामा बढ़ता देख काकादेव थाना पुलिस ने सपा पार्षद और उसके भाई को हिरासत में ले लिया। काकादेव थाने में भाजपाइयों का हंगामा जारी है। पुलिस ने एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है। भाजपा पूर्व पार्षद राघवेंद्र मिश्रा ने थाने में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पूर्व पार्षद ने बताया कि सभी इस बात का विरोध कर रहे हैं कि जब पहले से ही यहां पर सामुदायिक शौचालय है तो नया क्यों बनाया जा रहा है। पुलिस ने फिलहाल निर्माण कार्य रुकवा दिया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *