October 18, 2024

संवाददाता।
कानपुर। नगर के शास्त्री नगर बड़ा सेंट्रल पार्क में अब सांस्कृतिक, सामाजिक व शादी समारोह नहीं हो सकेंगे। कानपुर स्मार्ट सिटी की ओर से पार्क को करीब 2 करोड़ रुपए से डेवलप किया गया है। हालांकि इस पार्क पर श्रम विभाग का स्वामित्व है और कार्यक्रमों के लिए श्रम विभाग ही बुक करता है। नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने श्रम विभाग ने कार्यक्रमों की बुकिंग को लेकर आपत्ति जताई थी। पत्र जारी कर कहा था कि कार्यक्रम होने से पार्क में बनाए गए पाथवे, लाइट, वृक्षों पर अन्य विकास कार्यों को क्षति पहुंच रही है। इसके बाद श्रम विभाग ने आगामी बुकिंग को लेकर रोक लगा दी है। सहायक श्रमायुक्त कीर्ति वर्धन ने बताया कि नगर निगम की आपत्ति के बाद अब कोई भी बुकिंग नहीं की जाएगी। क्योंकि 16 फरवरी से 27 फरवरी तक सुधांशु जी महाराज का कार्यक्रम वर्ष 2023 में ही बुक कर दिया गया था। इस वजह से ये कार्यक्रम होने के बाद अब कोई भी कार्यक्रम सेंट्रल पार्क में नहीं होगा। कीर्ति वर्धन ने नगर निगम की आपत्ति के बाद किसी भी कार्यक्रम को लेकर रोक लगा दी है। यहां तक कि दीपावली में लगने वाली पटाखों की दुकानें भी अब सेंट्रल पार्क में नहीं लगेंगी। इस पार्क में पारंपरिक रूप से रामलीला का आयोजन भी होता है, अब इस पर भी ग्रहण लग सकता है। इस फैसले का विरोध भी हो सकता है। हालांकि अब इस पार्क को सिर्फ लोगों के टहलने के लिए ही रखा जाएगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *