September 8, 2024

संवाददाता।
कानपुर। वंदे भारत ट्रेन को वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाई। जिसके बाद ट्रेन कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंची। वंदे भारत एक्सप्रेस जैसे ही रुकी तो कानपुर सेंट्रल पर खड़े यात्रियों में खुशी ही लहर दौड़ गई। सेंट्रल पर सांसद, मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने ट्रेन से आए यात्रियों का स्वागत किया। कानपुर से दिल्ली के लिए यह कहकर रवाना किया कि मंगलवार को छोड़ रोज यह ट्रेन चलेगी। यह वंदेभारत 20 दिसंबर से नियमित रूप से चलने लगेगी। यह ट्रेन साढ़े चार घंटे में कानपुर से दिल्ली और पौने चार घंटे में कानपुर से बनारस पहुंचेगी। वंदे भारत एक्सप्रेस सोमवार को कानपुर सेंट्रल पर शाम 6:31 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंची। सात मिनट रुककर 6:38 बजे रवाना हुई। इस ट्रेन से प्रयागराज से स्कूली बच्चे और शिक्षिकाएं बतौर यात्री कानपुर आईं। इसमें छात्र आदित्य सिंह, शरद श्रीवास्तव ने बताया कि वंदे भारत से सफर बेहद अच्छा रहा। कानपुर से इटावा तक सफर के लिए जीडी गोयनका और सीवी रमन स्कूल के छात्र-छात्राएं और शिक्षक-शिक्षिकाएं सवार हुईं। इन सभी को स्पेशल ट्रेन से वापस लाया जाएगा।कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर सांसद सत्यदेव पचौरी, देवेंद्र सिंह भोले, प्रदेश के एमएसएमई मंत्री राकेश सचान, महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक सरोज कुरील,जिला पंचायत अध्यक्ष स्वपनिल वरुण, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, डीआरएम हिमांशु बडोनी, सीनियर डीसीएम हिमांशु शुक्ला, डिप्टी सीटीएम आशुतोष सिंह, एसीएम संतोष त्रिपाठी ने ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना किया। संचालन सेंट्रल स्टेशन के सहायक वाणिज्य प्रबंधक संतोष त्रिपाठी ने किया। सांसद सत्यदेव पचौरी ने सेंट्रल स्टेशन पर हुए समारोह में  कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में वंदे भारत चलाकर देश की वंदना कर रहे हैं। यह देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का काम है। डीएफसी को चालू कराकर उन्होंने 25 किमी की औसत रफ्तार से चलने वाली मालगाड़ियों को 100 किमी की रफ्तार की है। चार गुना गति से जब कोयला, खाद्यान्न और आयात-निर्यात का हर सामान देश और विदेश तेजी से पहुंचेगा। इससे व्यापार बढ़ने के साथ अर्थ व्यवस्था भी बढ़ेगी। रिवर्स वंदेभारत स्पेशल ट्रेन रोजाना वाराणसी से दोपहर 2:15 बजे रवाना होगी। प्रयागराज 3:50 बजे पहुंचकर 4:05 बजे निकलेगी, कानपुर सेंट्रल शाम छह बजे पहुंचकर 6:15 बजे रवाना होगी। इटावा शाम 7:30 बजे पहुंचकर 7:40 बजे रवाना होगी। टूंडला रात 8:35 बजे पहुंच कर 8:45 बजे रवाना होगी। अलीगढ़ रात 9:40 बजे पहुंचेगी, यहां से 9:50 बजे रवाना होगी। कानपुर सेंट्रल, इटावा व नई दिल्ली से वापसी के लिए स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था की गई है। नियमित रूप से 20 दिसंबर से होगा संचालन रिवर्स वंदेभारत एक्सप्रेस का नियमित रूप से संचालन 20 दिसंबर से होगा। यह गाड़ी वाराणसी से सुबह छह बजे चलेगी। प्रयागराज से सुबह 7:34 बजे, कानपुर सेंट्रल से सुबह 9:30 बजे रवाना होगी। नई दिल्ली दोपहर 2:05 बजे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नई दिल्ली से दोपहर तीन बजे रवाना होगी। कानपुर सेंट्रल से शाम 7:12 बजे, प्रयागराज से रात 9:15 बजे रवाना होगी। वाराणसी में रात 11:05 बजे पहुंचेगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *