
आ स. संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर के ककवन थाना क्षेत्र के नया निवादा गांव में एक युवक का शव शीशम के पेड़ पर लटका मिला। मृतक की पहचान 22 वर्षीय अमित के रूप में हुई। वह रेलवे में प्राइवेट तौर पर काम करता था।
अमित अपने पिता सियाराम के छह बेटों में चौथे नंबर का बेटा था। वह दो दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आया था। घर आने के बाद वह अपनी बड़ी बहन के यहां गया था। शुक्रवार शाम को वह वहां से लौटा। फिर बाजार गया और खाना खाकर सो गया।
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने गांव से करीब 500 मीटर दूर खेत में शीशम के पेड़ पर तहमद के सहारे युवक का शव लटका देखा। मृतक के परिजनों को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्थानीय लोगों ने आत्महत्या की आशंका जताई है। हालांकि आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।