October 23, 2024

संवाददाता।
कानपुर।
उत्तर प्रदेश में सर्दी अब इस सीजन का रिकॉर्ड तोड़ रही है। पहली बार इस सीजन में प्रदेश में मेरठ का पारा 1.5°C दर्ज किया गया। वहीं, अयोध्या में भी भीषण ठंड है। यहां पारा 2.5°C पहुंच गया। कानपुर और मुजफ्फरनगर में 2.6°C जबकि लखनऊ में पारा 3.6°C रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले प्रदेश में न्यूनतम पारा 2.4°C दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के मुताबिक, गंगा के मैदानी इलाकों में भीषण ठंड और शीतलहर से अभी राहत मिलने के आसार नहीं है। अगले 7 दिनों तक ठंड कमोबेश ऐसी ही रहेगी। प्रदेश के 11 जिलों में दिन और रात दोनों में सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज यानी 24 जनवरी को प्रदेश के 71 जिलों में कोल्ड डे और 51 जिलों में घने कोहरे की गंभीर चेतावनी जारी की है। वहीं, अगर मंगलवार की बात करें तो लखनऊ, कानपुर में दोपहर बाद धूप निकली। हालांकि, सर्द हवाओं के आगे यह पूरी तरह बेअसर रही। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि भीषण ठंड में पारा सामान्य से 5-6°C कम है। इसलिए, शीत लहर की स्थिति बनी है। लखनऊ, रायबरेली और गोरखपुर में बुधवार रात का तापमान इस मौसम में सबसे कम दर्ज किया गया। पूरे राज्य में सीवियर कोल्ड डे की स्थिति भी बनी है। इससे दिन का पारा औसत से 10 से 12°C तक नीचे गिर गया। आगरा में अधिकतम पारा 11.5°C डिग्री के साथ सबसे कम था, जो सामान्य से 12°C कम था। प्रयागराज में पारा 12.8°C के साथ सामान्य से 11°C कम था। लखनऊ का पारा औसत से 6°C कम दर्ज किया गया। प्रदेश के ज्यादातर शहरों का न्यूनतम तापमान 6°C से कम पहुंच गया। कानपुर की सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, यूपी की सीमा नेपाल की तलहटी से लगती है। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय की ओर बढ़ रहा है। इसके पीछे-पीछे बेहद ठंडी हवाएं चल रही हैं। ये बर्फीली ठंडी हवाएं राज्य भर में ढलानों से लेकर तलहटी तक बहती हैं। इसलिए, समूचे मैदानी इलाकों में फैले घने कोहरे के कारण धूप करीब-करीब शून्य हो गई। अगले एक सप्ताह तक इससे राहत की कोई संभावना नहीं है। तेज ठंडी हवाएं ठंड को बढ़ाएंगी। खासकर देर रात और सुबह के समय में पारा काफी कम रहेगा। जनवरी महीने के आखिरी में आने वाला ताजा और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ठंड से मामूली राहत दे सकता है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News