August 5, 2025

संवाददाता
कानपुर।
सेन पश्चिमपारा थानाक्षेत्र में पति पत्नी के बीच हुए विवाद के दौरान छीना झपटी में 2 साल के मासूम की गिरने से मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि मायके जाने को लेकर पति पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था, आज भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। छीना झपटी होने पर बच्चा पिता की गोद से गिर गया था। वहीं पत्नी ने पति पर बच्चे को पटकने का आरोप लगाकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया।
सिद्धार्थ नगर निवासी मनोज उर्फ मयंक सैनी सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम करता है। मनोज के पिता रामबाबू ने बताया कि बेटे की शादी तीन साल पहले दीक्षा से हुई थी। दोनों के एक दो साल का बेटा स्वास्तिक था। रामबाबू ने बताया कि शादी के 6 महीने बाद ही बहू अक्सर मायके जाने की जिद करती थी। साथ ही दिन भर फोन पर बातचीत करती थी। जिसको लेकर आए दिन बेटे बहू में विवाद होता था।
रामबाबू ने बताया कि पौत्र स्वास्तिक के दिल में छेद था, जिसका छत्तीसगढ़ स्थित अस्पताल से इलाज कराने की तैयारी चल रही थी। गुरुवार को स्वास्तिक को बुखार आ गया था था, जिसका इलाज कराने के लिए मनोज और दीक्षा अस्पताल गए थे। रामबाबू ने बताया कि अस्पताल से लौटने के बाद बहू मायके जाने की जिद करने लगी।
जिस पर दोनों के बीच जमकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान छीना झपटी में स्वास्तिक मनोज की गोद से गिर गया, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कल देर शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 

मृतक बच्चे की मां ने पति पर बच्चे को पटकने का आरोप लगा कर पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पति को हिरासत में ले लिया। 

Related News