October 23, 2024

संवाददाता।
कानपुर। उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड का दौर जारी है। शुक्रवार को लखनऊ में दिन में शिमला से ज्यादा ठंडक रही। शिमला में अधिकतम पारा 13.4 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि लखनऊ में 12.9 डिग्री रहा है। यही नहीं, 5 राज्यों में कानपुर सबसे सर्द रहा है। यहां पारा 2.4°C रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, भीषण ठंड से आज भी राहत मिलने के आसार नहीं है। प्रदेश के 16 शहरों में कोल्ड-डे का रेड अलर्ट और 29 शहरों में ​​​​ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शनिवार को भी सर्द हवाएं चल रहीं हैं। 31 जनवरी तक ऐसी ही ठंड पड़ सकती है। 26 जनवरी के बाद पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में बारिश की संभावना भी है। कानपुर 5 राज्यों के मुकाबले शुक्रवार को सबसे ठंडा रहा। यहां 2.4 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी राजस्थान और दक्षिण हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में 2.5 से 5 डिग्री के बीच न्यूनतम तापमान रहा। जबकि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली राजस्थान और मध्य प्रदेश में 6 से 10 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। वहीं, बीकानेर (पश्चिमी राजस्थान) और कानपुर (पूर्वी उत्तर प्रदेश) में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, कानपुर में 19 जनवरी 2002 को न्यूनतम तापमान 2 डिग्री था, जबकि शुक्रवार को पारा 22 साल बाद पहली बार 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार दिन का अधिकतम तापमान 2002 में 14 डिग्री था और 2023 में शुक्रवार (19 जनवरी) का अधिकतम तापमान 22 साल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 11.8°C दर्ज किया गया। वहीं कानपुर में 1.7 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं बह रही हैं। लखनऊ में लोग जबरदस्त ठिठुरन महसूस कर रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक लखनऊ में दिन शिमला और देहरादून से भी ठंडा रहा। शिमला में अधिकतम तापमान 13.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। देहरादून में अधिकतम 19 डिग्री और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस रहा। लखनऊ में अधिकतम पारा 12.9 डिग्री और न्यूनतम 6.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।शुक्रवार की बात करें तो मेरठ, बरेली, झांसी, लखनऊ, गोरखपुर, बहराइच, वाराणसी और रायबरेली में सीवियर कोल्ड-डे दर्ज किया गया।​​​​​​ CSA यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. SN सुनील पांडेय ने बताया, ”उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में समुद्र तल से 12.6 किमी. ऊपर तेज जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। जिससे तापमान भले ज्यादा न हो, लेकिन गलन ज्यादा होती है। इन हवाओं ने मैदानी इलाकों में पहाड़ों वाली ठंड का एहसास करा दिया है।” मौसम विभाग ने बरेली में आज सीजन का सबसे सर्द दिन रहने का अनुमान जताया है। सुबह न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि दिन में अधिकतम तापमान 11 डिग्री तक जाने का अनुमान है। जिससे कोल्ड वेव में गलन रहेगी। कोहरे से दूसरे दिन भी राहत है लेकिन मौसम शीतलहर जैसा है। हवा की स्पीड 7 किलोमीटर प्रति घंटा की रहेगी। इससे पहले शुक्रवार को शीतलहर जैसा मौसम रहा। दरअसल, जेट स्ट्रीम पश्चिम से पूर्व ओर बहने वाली हवाओं का तूफान होता है। यह गर्म हवाएं वायुमंडल में मौजूद ठंडी हवाओं से मिलने से बनती हैं। ठंड के मौसम में जेट स्ट्रीम चलने से गलन पैदा होती है। ठंड की वजह से ट्रेनों की बिगड़ी चाल से यात्रियों का बुरा हाल है। धीमी गति से चलने की वजह से यात्रियों का सफर दोगुने से अधिक समय में पूरा हो रहा है। कानपुर होकर जाने वाली 40 से अधिक ट्रेनें 24 घंटे तक लेट रहीं। वंदे भारत एक्सप्रेस के गुरुवार के छह से सात घंटे लेट होने की वजह से शनिवार को वंदे भारत एक्सप्रेस को निरस्त करना पड़ा। बीते 24 घंटे में 1136 यात्रियों ने कानपुर सेंट्रल से यात्रा के टिकट निरस्त कराए। 22416 नई दिल्ली वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस नौ घंटे तक लेट होने की वजह से शुक्रवार को दिल्ली से निरस्त रही। जबकि ट्रेन नंबर 22415 वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस सात घंटे लेट होने की वजह से वाराणसी से निरस्त करनी पड़ी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News