October 23, 2024

संवाददाता।
कानपुर। नगर के आर्य नगर में गैंजेस क्लब के बाहर बिना पूर्व सूचना और बिना अनुमति के खोदाई कार्य करने पर नगर निगम पर कार्रवाई होगी। यातायात पुलिस के अधिकारियों की आपत्ति के बाद एडीएम सिटी ने नगर निगम प्रोजेक्ट सेल से संबंधित ठेकेदार व अभियंता के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए अपर नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन को पत्र लिखा है। यह पहली बार होगा कि नगर निगम पर ही रोड कटिंग पर कार्रवाई होगी। इससे पहले नगर निगम कई बार बिना एनओसी सड़क खोदाई पर अन्य विभागों पर कार्रवाई कर चुका है। नगर निगम के प्रोजेक्ट सेल ने पिछले दिनों नाली का निर्माण कराने के बाद सीवर लाइन के डिस्पोजल के साथ सीवर चेंबर बनाने के लिये गैंजेस क्लब के मुख्य चौराहे पर खोदाई की थी। एडीसीपी यातायात अंकिता शर्मा ने निरीक्षण किया तो पाया कि चौराहे पर खोदाई की वजह से भीषण जाम लग रहा है। चारों तरफ से आ रहे वाहन सड़क पर ही फंस जा रहे हैं। जिसके बाद पुलिस विभाग ने जब एनओसी मांगी तो मौके पर ठेकेदार कंपनी नहीं दिखा सकी थी। जिसके बाद यातायात पुलिस विभाग की ओर से जलकल को पत्र लिखकर आपत्ति जताई इसके साथ ही प्रशासन को भी पुलिस ने मामले की जानकारी दी थी। जलकल के पास पत्र गया तो महाप्रबंधक एके त्रिपाठी ने बताया कि उनके विभाग की ओर से खोदाई नहीं की गई है। यह कार्य नगर निगम का है। नगर निगम के अधिशाषी अभियंता जोन 4 ने बताया कि यह कार्य नगर निगम के प्रोजेक्ट सेल ने किया है। जिसके बाद एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार ने अपर नगर आयुक्त प्रथम प्रतिपाल सिंह चौहान को पत्र लिखकर बिना अनुमति सड़क कटिंग पर संबधित ठेकेदार और अभियंता पर कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखा है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News