January 25, 2026

संवाददाता।
कानपुर।
नगर के एक युवक का शव अलीगढ़ के गभाना थाना क्षेत्र में दिल्ली-हावड़ा ट्रैक पर पांच दिनों पूर्व मिला था। मृतक के पास से उसका आधार कार्ड भी बरामद हुआ था। लेकिन रेलवे ने जब पुलिस को शव सौंपा तो पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार अज्ञात शव के रूप में कर दिया है। रेलवे की ओर से भी पुलिस को मृतक की सारी जानकारी उपलब्ध कराई गई थी। जिसमें उसका आधार कार्ड, आधार में लिखा मृतक का नाम, पता और अन्य जानकारियां भी स्पष्ट थी। फिर भी पुलिस 5 दिन तक खानपूर्ति करती रही और उसके परिजनों का पता नहीं लगा पाई। जिसके बाद शव का अंतिम संस्कार अज्ञात शव में कर दिया गया। गभाना थाना क्षेत्र के दिल्ली-हावड़ा ट्रैक पर 28 सितंबर को पैराई पुल के पास एक युवक का शव मिला था। शव की जांच पड़ताल करने पर उसके पास से आधार कार्ड की फोटो कॉपी मिली थी, जिससे उसकी पहचान हो गई थी। जिसके बाद रेलवे ने कानूनी कार्रवाई करते हुए शव सिविल पुलिस को सौंप दिया था। आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र के यादव मार्केट निवासी 43 वर्षीय सुनील कुमार कुशवाहा पुत्र नारायण कुशवाहा के रूप में हुई थी। मृतक की जेब से टिकट भी मिला था, जो रूरा स्टेशन से अलीगढ़ तक का था। जिसके बाद गभाना पुलिस मामले की जांच कर रही थी और युवक के परिजनों सें संपर्क किया जा रहा था। युवक की मौत चलती ट्रेन से गिरकर हुई थी। जिसके चलते रेलवे ने अपनी कार्रवाई पूरी की और फिर पुलिस को शव सुपुर्द कर दिया। शव को कब्जे में लेने के बाद पुलिस लगातार 5 दिन तक खानापूर्ति करती रही। लेकिन 5 दिन में भी पुलिस मृतक के परिजनों का पता नहीं कर पाई। जिसके बाद गभाना पुलिस ने मंगलवार को मृतक को अज्ञात में दर्ज करके उसका अंतिम संस्कार कर दिया। यह हाल तब है, जबकि मृतक के पास से उसका आधार कार्ड मिल गया था और कोशिश की जाती तो मृतक के परिजनों की तलाश करके उसके परिजनों तक उसके शव को पहुंचाया जा सकता था। सीओ गभाना सुमन कनौजिया ने बताया कि मृतक के पास से जो आधार मिला था, उसके आधार पर कानपुर में संपर्क किया गया था। जिसके बाद पता चला कि वह मृतक का अस्थार्इ पता था। कानपुर में पुलिस को दर्ज पते पर युवक की कोई जानकारी नहीं मिली और आसपास के लोगों ने बताया कि मृतक वहां किराए पर रहता था। जिसके बाद वह वहां से चला गया। उसके परिजनों के बारे में भी किसी को जानकारी नहीं है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News