October 18, 2024

संवाददाता।
कानपुर। उत्तर प्रदेश में पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाएं ठिठुरन बढ़ा रही हैं। हवाओं की 60 किलोमीटर की रफ्तार आंधी जैसा एहसास करवा रही। मौसम विभाग ने 2 दिन बाद भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। जिसका असर पूर्वांचल में ज्यादा दिखेगा। 15 फरवरी के बाद सूरज की तपिश धीरे-धीरे बढ़ेगी। जिससे 10-12 दिन बाद गर्मी बढ़ने लगेगी। शुक्रवार को 4.5°C के साथ अयोध्या सबसे ठंडा शहर रहा। वहीं लखीमपुर खीरी में दिन सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 25.2°C था। शुक्रवार को कम दबाव का क्षेत्र बनने से हवा की रफ्तार बढ़ गई। बसंत ऋतु के आस-पास सामान्य तौर पर हवा की गति बढ़ जाती है। नवंबर से अब तक हवा की औसत रफ्तार 10.3 किमी प्रति घंटा रही। मगर अब यह बढ़कर 55-60 किमी. प्रति घंटा हो चुकी है। अहम यह है कि लगातार 24 घंटों से हवा रफ्तार पकड़े हुए है। इससे मौसम का मिजाज बदल गया है। शुक्रवार को दिन में आंधी जैसा असर दिखा। कानपुर में पेड़ों की टहनियां टूटकर गिर गईं। मौसम विभाग के मुताबिक, कानपुर में यह इस सीजन की सबसे तेज हवा की औसत गति दर्ज की गई। सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया, आईएमडी ने 10 और 11 फरवरी को कोहरा, 12 से 15 फरवरी के बीच गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। पूर्वी यूपी के बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली और सोनभद्र में बारिश के आसार हैं। एसएन सुनील पांडेय ने बताया, कई मौसम चक्र एक साथ काम कर रहे हैं। इसके चलते मौसम में बदलाव संभव है। फिलहाल तेज बर्फीली हवाएं चलती रहेंगी। वहीं 20 फरवरी के बाद गर्मी की शुरुआत हो जाएगी। इस बार होली मार्च के आखिरी में पड़ रही है। ये तय है कि इस बार गर्मी के बीच लोग यह त्योहार मनाएंगे। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मौसम में उतार-चढ़ाव 15 फरवरी तक रहेगा। 20 फरवरी के बाद अच्छी-खासी गर्मी पड़ना शुरू हो जाएगी। यूपी में पिछले 2 दिन से चल रही ठंडी तेज हवाओं से रात में गलन और ठिठुरन बढ़ गई है। धूप अच्छी खिल रही है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि यूपी इंडेक्स के आधार पर तापमान 25°C से अधिक हो सकता था, लेकिन सर्द हवाओं ने 4-5°C तापमान गिरा दिया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *