
संवाददाता।
कानपुर। नगर में नगर निगम ने नए साल की सौगात के तौर पर बुजुर्गों और छात्राओं के लिए नई सुविधाएं देना जा रहा है। बुजुर्गों के लिए जहां सीनियर सिटीजन केयर सेन्टर का निर्माण किया जा रहा है। वहीं चुन्नीगंज के नगर निगम बालिका विद्यालय में स्मार्ट क्लासेस भी शुरू होने जा रही है। जनवरी में दोनों का ही काम पूरा हो जाएगा।शनिवार को नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने “सीनियर सिटीजन केयर सेन्टर” का निरीक्षण किया। मोतीझील मेट्रो स्टेशन के पीछे 30 बेड क्षमता का बुजुर्गों के लिए सेंटर का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। इसमें लाइब्रेरी, कैफेटेरिया, जिम, डिस्पेन्सरी, योगा क्लास रूम, स्त्री, पुरूष शौचालय, स्टोर रूम, किचन एवं मल्टीपर्पस हॉल का निर्माण किया गया है। योगारूम, बेड रेस्ट, कैफेटेरिया, लाइब्रेरी, डिस्पेन्सरी, शौचालय आदि का कार्य पूरा हो चुका है। जनवरी के अंतिम सप्ताह में ये बुजुर्गों के लिए खोल दिया जाएगा। यहां बुजुर्ग दिन में आराम के साथ ही अपने बुजुर्ग साथियों के साथ क्वालिटी टाइम बिता सकेंगे।चुन्नीगंज बालिका विद्यालय में स्मार्ट सिटी द्वारा किए गए कार्यों का निरीक्षण किया गया। स्मार्ट सिटी द्वारा इस स्कूल को गोद लिया गया है। यहां छात्राओं को स्मार्ट क्लास रूम के साथ ही अत्याधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। सभी कार्य पूरे किए जा चुके हैं।