October 19, 2024

संवाददाता।
कानपुर। यूपी में तापमान में बढ़ोतरी हो रही है, मगर गलन ने लोगों को हिलाकर रख दिया है। इस सीजन में पहली बार ऐसा हुआ कि 17 जिले सीवियर कोल्ड-डे की चपेट में रहे, जबकि 3 जिलो में कोल्ड-डे रहा। अभी इससे राहत भी मिलने वाली नहीं है। क्योंकि मौसम विभाग ने आज भी 9 जिलों में सीवियर कोल्ड-डे का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही 21 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। सुबह से झांसी और लखीमपुर में घना कोहरा छाया हुआ है। दोनों ही जिलों में 50 मीटर विजिबिलिटी दर्ज की गई है। वहीं, बरेली में 200 मीटर, गोरखपुर में 500 मीटर विजिबिलिटी है। बुधवार की बात करें तो मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा शहर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ठंड के चलते वाराणसी में 12 तक के स्कूल 19 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। 22 जनवरी को रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के वक्त अयोध्या का पारा 19 से 22 डिग्री के बीच रह सकता है। मौसम विभाग ने ऐसा पूर्वानुमान जारी किया है। सुबह साढ़े 11 बजे तापमान 19 डिग्री और दोपहर ढाई बजे यह 22 डिग्री तक संभव है। अयोध्या, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और नई दिल्ली का मौसम पूर्वानुमान हर 3 घंटे में जारी होगा। इसमें अयोध्या से सटी 6 तहसीलों को शामिल किया गया है।अयोध्या में कड़ाके की ठंड जारी है। सुबह का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गलन भरी ठंड से लोग परेशान दिखाई दे रहे हैं। आचार्य नरेंद्र कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग का कहना है कि कमजोर पश्चिमी विक्षोभ का असर आज और रहेगा। कल से इसका प्रभाव खत्म होते ही उत्तर पश्चिमी ठंडी हवाएं फिर से आना शुरू हो जाएंगी। इसके बाद फिर से कड़ाके के ठंड की शुरुआत होगी और पारा 2 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। बादलों की आवाजाही से रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है, मगर सर्द हवाओं के चलते धूप भी बेअसर साबित हो रही है और दिन के तापमान में कमी हो रही है। ये स्थिति अब पूरे जनवरी तक बनी रहेगी। 14 फरवरी यानी वेलेंटाइन-डे तक ऐसी ठंड इस बार बनी रह सकती है। यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया, ”अगले 5 दिनों आसमान साफ रहने के कारण बारिश की कोई संभावना नहीं है। सुबह और रात में घना कोहरा छाएगा। शहरों में शीतलहर चलेगी। उत्तर पश्चिमी सर्द हवाओं से गंगा के मैदानी भागों में आना जारी रहेगा, जिससे गलन वाली सर्दी बनी रहने की पूरी संभावना है।” मुजफ्फरनगर के बाद मेरठ का तापमान सबसे कम 4.3 डिग्री दर्ज किया गया। कानपुर में 4 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार सर्द हवाओं ने गलन बढ़ा दी। हालांकि, लोगों को कोहरे से राहत रही। अधिकतम तापमान की बात करें, तो सबसे कम शाहजहांपुर का 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बरेली में आज कोहरा नहीं है। सुबह से मौसम हल्का साफ है। आज तड़के न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि दिन में अधिकतम तापमान 15 डिग्री पहुंचने का अनुमान है। दोपहर बाद धूप खिल सकती है, हवा की स्पीड 6 किलोमीटर प्रति घंटा की रहेगी। इससे पहले बुधवार को भीषण कोहरा छाया रहा और दिन भर धूप नहीं खिली। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, बदायूं, बरेली, शाहजहांपुर, लखीमपुर, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, बाराबंकी, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर में घना कोहरा छाएगा। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बागपत, मेरठ, बरेली और पीलीभीत। शीतलहर की वजह से 18 जनवरी को भी कई जिलों में 8वीं तक के स्कूल बंद रहेंगे। ये आदेश संबंधित जिले के डीएम ने दिए हैं। अलीगढ़ और लखनऊ में 8वीं तक की छुट्‌टी 18 जनवरी को रहेगी। सहारनपुर और वाराणसी में 19 जनवरी तक छुट्‌टी है। प्रयागराज, कानपुर, सुल्तानपुर और प्रतापगढ़ में 20 जनवरी तक शीतलहर की छुट्‌टी, फिर 21 जनवरी को रविवार और 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा पर सार्वजनिक छुट्‌टी है। ऐसे में यहां 23 जनवरी को स्कूल खुलेंगे। लखनऊ सहित कई जिलों में डीएम ने आदेश दिया है कि 9वीं से 12वीं तक की क्लास या तो ऑनलाइन चलाएं या स्कूल में बुला रहें तो टाइमिंग सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक रखें। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *