October 18, 2024

संवाददाता।
कानपुर। आज कानपुर, मेरठ, आगरा, वाराणसी और प्रयागराज में घना कोहरा छाया है। वाराणसी में विजिबिलिटी घटकर 200 मीटर पहुंच गई है। जबकि आगरा-दिल्ली हाइवे पर विजिबिलिटी 20 मीटर रिकॉर्ड हुआ। घने कोहरे के चलते ट्रेन भी अपने तय समय से देरी से पहुंच रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पश्चिमी सर्द हवाएं अगले 48 घंटे में आनी शुरू हो जाएंगी। इससे न्यूनतम तापमान 2 डिग्री तक जा सकता है। अगले 48 घंटे तक घना कोहरा छाएगा। जबकि अगले 2 दिनों के बाद शीतलहर चलने के आसार हैं। वहीं न्यूनतम तापमान में गिरावट की बता करें तो सबसे कम तापमान कानपुर का 7.0 °C रहा। इसके बाद मेरठ का 7.8 °C रिकॉर्ड किया गया। आगरा का 9.0 °C जबकि लखनऊ का 9.6 °C दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, आज 23 शहरों में घना कोहरे छाएगा। इनमें सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बलरामपुर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, रामपुर, बदायूं, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, कानपुर, लखनऊ, कानपुर देहात, झांसी, रायबरेली, अयोध्या, ललितपुर, लखीमपुर-खीरी, सीतापुर, बहराइच, बाराबंकी, श्रावस्ती और गोंडा में येलो अलर्ट जारी किया गया है। सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं आनी शुरू हो गई हैं। इससे कोहरा घना होने के साथ ही कड़ाके की ठंड शुरू होगी। वहीं बादलों की आवाजाही खत्म होने से दिन में भी तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। आगरा में रविवार सुबह से घना कोहरा छाया हुआ है। इसकी वजह से विजिबिलिटी शून्य हो गई। तापमान में गिरावट आने के साथ ठंडी हवा चल रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दोपहर में धूप निकलेगी। शनिवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री दर्ज हुआ। वाराणसी में आज सुबह घने कोहरा से विजिबिलिटी घटकर 200 मीटर पहुंच गई। इस दौरान तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 8 बजे तक धूप खिलने लगी है। धीरे धीरे तापमान ऊपर चढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज और कल काफी घने कोहरे का अनुमान है। इसके बाद मौसम कोहरा और धूप का मिल-जुला होगा। शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा 25.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। अयोध्या में आज सुबह घना कोहरा छाया है। घने कोहरा से विजिबिलिटी घटकर 300 मीटर पहुंच गई। सुबह 8 बजे के बाद धूप निकली। आज का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो से तीन दिनों में ठंड में और इजाफा होने का आसार है। बरेली में आज सुबह हल्की धुंध छाई रही। हालांकि 8 बजे के बाद हल्की धूप खिली। सुबह का न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि दिन में अधिकतम तापमान 22 डिग्री पहुंचने का अनुमान है। दिन में हल्की धूप के बाद भी मौसम शीतलहर जैसा रहेगा। हवा की स्पीड 6 केएम प्रति घंटा की रहेगी। प्रयागराज में आज गलन से राहत मिली है। सुबह से धूप निकली है। हवा की रफ्तार भी बिल्कुल सामान्य है। रविवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। शनिवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पांच दिनों हल्की ठंड रहेगी। मेरठ में आज सुबह मौसम साफ है। इसके साथ ही हालांकि आठ बजे के बाद धूप निकली है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिन में मौसम साफ रहेगा। दिन में हल्की शीतलहर चलने का अनुमान भी मौसम विभाग ने बताया है। आज सुबह न्यूनतम तापमान 7.00 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि दिन में अधिकतम तापमान 25 डिग्री पहुंचने का अनुमान है। झांसी में रविवार सुबह से घना कोहरा छाया है। सुबह 8 बजे तक धूप नहीं निकली। कोहरे की वजह से हाइवे पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। वहीं, पिछले दो दिनों से ठिठुरन बढ़ गई है। लोग जगह-जगह अलाव जलाकर ठंड से बचने के लिए जतन कर रहे हैं। शनिवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि महीने के अंत तक ठंड और बढ़ जाएगी। न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने के आसार हैं। लखनऊ में आज सुबह धुंध छाई रही। हालांकि 8 बजे के बाद मौसम साफ हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में तराई वाले क्षेत्रों में घना कोहरा पड़े़गा। दिन का तापमान 25 व रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शनिवार को घना कोहरा पड़ा। यहां दिन का तापमान 25 डिग्री और रात का तापमान 9.6 डिग्री दर्ज हुआ। कानपुर में शनिवार को जहां पूरे दिन बादल छाया रहा। वहीं दिन ढलते ही कानपुर में कोहरा देखने को मिला। हाईवे पर भी विजिबिलिटी 100 मीटर से कम रही। रात बढ़ते ही कानपुर के आउटर एरिया में घना कोहरा छा गया। वहीं सुबह भी घने कोहरे के साथ हुई। ट्रेनों की रफ्तार पर असर पड़ा है। हाल ही में बनारस से शुरू हुई नई दिल्ली बनारस रिवर्स वंदे भारत कानपुर सेंट्रल पर पौने दो घंटे और वाराणसी नई दिल्ली वंदे भारत सवा घंटे लेट पहुंची। इसके अलावा गोरखपुर यशवंतपुर एक्सप्रेस, पनवेल गोरखपुर एक्सप्रेस कानपुर सेंट्रल पर पौने दस घंटे लेट पहुंची। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *