September 8, 2024

संवाददाता।
कानपुर। नगर की गड्‌ढायुक्त सड़कों और फुटपाथ से जल्द ही नगरवासियों को मुक्ति मिलेगी। नगर निगम ने 60 करोड़ रुपए से 174 विकास कार्यों के लिए 23 फरवरी को टेंडर आमंत्रित किए हैं। वहीं, 10 करोड़ रुपए से औद्योगिक क्षेत्रों का विकास और 10 करोड़ रुपए से उद्यान विभाग से जुड़े कार्य भी होंगे। विकास कार्यों के लिए नगर निगम में 29 फरवरी को टेंडर होंगे। लोकसभा चुनाव आचार संहिता के लगने से पहले ही नगर निगम वर्क आर्डर जारी कर काम शुरू कराने की तैयारी कर रहा है। नगर निगम मुख्य अभियंता के अनुसार मार्च के पहले सप्ताह में काम शुरू हो जाएंगे। नगर निगम ने हाल में ही 111 करोड़ रुपए के कार्यों के लिये बजट पर मुहर लगाई है। इसके तहत 15वें वित्त से जहां सड़कें, इंटरलॉकिंग, ग्रीन बेल्ट आदि का निर्माण होना है। इसके अलावा अवस्थापना के बजट से सिद्धनाथ, जागेश्वर मंदिर के कायाकल्प के साथ ही गरीबों के लिये बारातशाला व खेलकूद को बढ़ाया देने को सर्वोदय नगर स्थित नगर निगम स्कूल को विकसित किया जाएगा। वहीं, नगर निगम निधि से अलग पार्षद कोटे के काम होंगे। नगर निगम ने 15वें वित्त आयोग से प्रथम चरण में 60 करोड़ रुपए से कार्य कराने के लिये टेंडर नोटिस जारी कर दी है। जिससे शहर में विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके तहत एयर पॉल्यूशन कंट्रोल, सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, 10 करोड़ रुपए से उद्यान विभाग के 5 कार्य अलग से होंगे जिसमें ग्रीनबेल्ट व पार्कों का रख-रखाव शामिल है। नगर निगम 10 करोड़ रुपए से औद्योगिक क्षेत्रों में विकास कार्य करेगा। जिसमें सड़क, नाली समेत अन्य विकास कार्य होंगे। जिससे व्यापारियों और उद्यमियों को राहत होगी। मामले में चीफ इंजीनियर मनीष अवस्थी के मुताबिक 174 कार्यों के लिये टेंडर नोटिस जारी की है। 23 को टेंडर मांगे गये हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद जल्द वर्क आर्डर जारी कर विकास कार्य कराए जाएंगे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *