October 19, 2024

संवाददाता।
कानपुर। यूपी में 2 हफ्तों से पड़ रही कड़ाके की ठंड से अगले 2 दिन में राहत मिल सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते सर्द हवाओं पर ब्रेक लगा है। इससे अगले 48 घंटे तापमान में बढ़ोतरी होगी और इसके बाद फिर सर्दी का सितम शुरू होगा और ये फरवरी के पहले पखवाड़े तक जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने बुधवार यानी आज 34 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट और वेस्ट यूपी के 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, 14 जिलों में कोल्ड-डे का अलर्ट जारी किया है। मंगलवार की बात करें तो मेरठ सबसे ठंडा शहर रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही कानपुर सेंट्रल स्टेशन आने वाले 100 ट्रेनें कोहरे के चलते लेट रहीं। इधर, मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर कोहरे के चलते मंगलवार देर रात तेज रफ्तार कार आगे चल रहे दूध के टैंकर से टकरा गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा इतना तेज था कि कार करीब आधा घंटे तक टैंकर में फंसी रही। एक्सप्रेस-वे की रेस्क्यू टीम ने टैंकर में फंसी कार को निकाला। मृतक की शिनाख्त कानपुर निवासी जसकरण के रूप में हुई है। सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि उत्तर पश्चिमी सर्द हवाओं पर 2 दिन ब्रेक लग सकता है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आने से सर्द हवाओं पर रोक लगेगी। हालांकि, कुछ जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। इस बार जनवरी के साथ फरवरी में भी कड़ाके की ठंड पड़ेगी। एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शहरों में हाई क्लाउड बन रहे हैं। हालांकि, बारिश की संभावना नहीं है। लेकिन इनका असर न्यूनतम तापमान पर जरूर पड़ा है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। करीब 6 डिग्री तक तापमान बढ़ा है। जबकि धूप न निकलने से दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। वाराणसी में ठंड के चलते 17 जनवरी आज तक स्कूलों में छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं। सुबह से बर्फीली हवाएं चल रही हैं, जिससे ठंड बढ़ गई है। धुंध के चलते वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई हैं। यहां का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि चार दिन में 3.5 डिग्री पारा गिरा है। रात का न्यूनतम तापमान लगातार नीचे आ रहा है। मुरादाबाद में शहर में शीतलहर जारी है। घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि कोहरे की वजह से कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। बीते 24 घंटे में रायबरेली (फुर्सतगंज) में सबसे अधिक 11 डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज की गई। यहां का अधिकतम तापमान 11.2 डिग्री रहा। बुलंदशहर में 9.7, मैनपुरी में 9.9 और अलीगढ़ में 9.8 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। इन शहरों में इस सीजन में पहली बार 10 डिग्री से नीचे तापमान गया है। इसके अलावा आगरा, मेरठ और सुल्तानपुर में 10 डिग्री, झांसी, इटावा, बलिया में 9 डिग्री तापमान में गिरावट रही। कोहरे और शीतलहर की वजह से पिछले सप्ताह से बेपटरी चली आ रही ट्रेनों की चाल न सुधर सकी है। सोमवार को आने वाली भुवनेश्वर राजधानी सहित 17 ट्रेनें दूसरे दिन मंगलवार को आकर गई। इस चक्कर में 8765 यात्रियों ने टिकट लौटाए, तो 153 को दूसरी ट्रेनों से जाने की छूट कनेक्टिंग रिजर्वेशन की वजह से दी गई। कानपुर में चुन्नीगंज, झकरकटी बस अड्डा, दोनों ही बस डिपो में कोहरे की वजह से 27 सेवाओं को निरस्त किया गया, जबकि 45 बसें तीन से छह घंटे विलंब से चली। इसकी वजह यह थी कि रात एक से सुबह 5 बजे के बीच झकरकटी औऱ चुन्नीगंज में यात्री नाम मात्र रहे। यात्री लोड न होने की वजह से बसों को नहीं चलाया गया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *