संवाददाता।
कानपुर। उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर थम गया है। बादलों का डेरा होने से जहां लोगों को दिन में गर्मी का अहसास हो रहा था। वहीं अब कड़ाके की ठंड के लिए लोगों को तैयार रहना होगा। उत्तर पश्चिमी हवाएं ठंड लेकर आना शुरू हो गई है। इसके चलते मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ेगी। तापमान गिरने के बाद घना कोहरा भी छाएगा। वहीं अब ओस भी गिरना शुरू हो गई है। सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक बादलों की वजह से तापमान बढ़ गया था। लेकिन आसमान साफ होने के चलते अब दिन में भी ठंड होगी। न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक जा सकता है। वहीं प्रदेश में कहीं-कहीं हल्के बादल छा सकते हैं, अब बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान गिरने के साथ ही प्रदेश के ज्यादातर शहरें का अधिकतम तापमान भी 25 डिग्री तक आ गया है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज की गई है। मुजफ्फरनगर में सबसे कम 9.4 डिग्री दर्ज किया गया, ये प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं सबसे अधिक तापमान बुलंदशहर का 26.6 डिग्री दर्ज किया गया। दिसंबर की शुरुआत के साथ ही यूपी में बारिश का दौर शुरू हुआ। 1 से 7 दिसंबर तक यूपी में 34.7 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई। जबकि औसत बारिश 32 मिमी. ही होती थी। दिसंबर में अभी तक औसत बारिश के मुकाबले 8 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक दिसंबर में अभी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।