
संवाददाता
कानपुर। रावतपुर मे देर रात दुकान बंद करके घर लौटते समय पेशाब करने गए युवक की दीवार गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी होने पर परिजन उसे हैलट लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने भी देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया, पुलिस ने शव का पंचायत नामा भरकर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
रावतपुर थाना क्षेत्र के मसवानपुर निवासी जगदीश कनौजिया प्राइवेट कर्मी है। परिवार में पत्नी, तीन बेटी और बेटा शुभम कनौजिया है। पिता जगदीश कनौजिया ने बताया कि शुभम की मसवानपुर में पूजा स्टूडियो के नाम से दुकान है। देर रात करीब 11 बजे वह दुकान बंद करके घर वापस आ रहा था। तभी सराय चौराहे के पास वह पेशाब करने के लिए रुका। सड़क किनारे बने खंडहर के पास टॉयलेट करने लगा, तभी अचानक खंडहर की दीवार भरभरा कर बेटे पर गिर गई, जिससे उसके सिर व शरीर पर चोट आ गई।
घटना की जानकारी होने पर परिजन व राहगीर मौके पर पहुंचे। परिजन पहले बेटे को पास के निजी हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने हैलट के लिए रेफर कर दिया। उसे हैलट हॉस्पिटल लेकर पहुंचे तो डॉक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही रावतपुर थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। शव का पंचायत नामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया!।
थाना प्रभारी रावतपुर मनोज मिश्रा ने बताया कि दीवार गिरने से युवक की मौत हुई है परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है अगर कोई तहरीर मिलेगी तो मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।






