
संवाददाता
कानपुर। साढ़ थाना क्षेत्र के बिरहर गांव में संक्रामक बुखार से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान नीरज कोरी की 35 वर्षीय पत्नी उर्मिला के रूप में हुई है।
उर्मिला पिछले कुछ दिनों से बुखार से पीड़ित थी और एक झोलाछाप डॉक्टर से इलाज करा रही थी। उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें कानपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।
क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। असेनिया, महोलिया और कैथा में मलेरिया और डेंगू के मरीज मिल रहे हैं। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में फॉगिंग और दवा का छिड़काव कराया है।
भीतरगांव सीएचसी अधीक्षक मनीष तिवारी ने कहा कि उन्हें इस मौत की जानकारी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बुखार होने पर झोलाछाप डॉक्टरों से इलाज न कराएं। सरकार द्वारा उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का लाभ लें। जल्द ही गांवों में मेडिकल कैंप लगाकर दवाइयां वितरित की जाएंगी।






