
संवाददाता
कानपुर। नगर के पचोर गांव में एक दुखद घटना सामने आई है। 45 वर्षीय राखी सोनी कूलर में पानी भर रही थीं। इस दौरान वह करंट की चपेट में आ गईं।
इस दुर्घटना के समय उनका बेटा मोहित सोनी फोन पर बात कर रहा था। जब वह कमरे से बाहर निकला तो उसने अपनी मां को कूलर के पास बैठा देखा। मोहित ने कई बार मां को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
जब मोहित ने मां को हिलाने की कोशिश की तो उसे भी करंट का झटका लगा और वह दूर जा गिरा।
बेटे मोहित ने होश में आने पर तुरंत कूलर का तार निकाला और मदद के लिए चिल्लाने लगा। इसपर आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोग राखी को तुरंत एक निजी अस्पताल में लेकर गए। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।






