May 1, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
कोचिंग जा रही 11वीं की छात्रा से युवकों ने बैडटच किया। विरोध करने पर थप्पड़ जड़ दिए और फिर मुंह पर थूक दिया। जबकि छात्रा को बचाने आए साथी छात्र को भी पीट दिया। इसमें छात्र का चश्मा टूट गया। इसके बाद आरोपी धमकाते हुए फरार हो गए। 

छात्रा ने घर पहुंचकर पूरी बात बताई। पीड़िता की मां ने किदवई नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
कार्यवाहक थाना प्रभारी विनोद यादव ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता के मेडिकल कराने के बाद आज बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
केशव नगर की रहने वाली महिला के मुताबिक उनके पति की मौत हो चुकी है। उनकी बेटी प्राइवेट स्कूल में 11वीं की छात्रा है। पीड़ित छात्रा की मां ने बताया कि मेरी बड़ी बेटी किदवई नगर साकेत नगर के एक कोचिंग में दोस्तों के साथ पढ़ने गई थी। वहां उसकी क्लास शाम को 5 से 7 बजे तक चलती है। जब क्लास खत्म हुआ तो बेटी अपनी सहेली और दो अन्य छात्रों के साथ घर लौटने लगी। जैसे ही रास्ते में पहुंची तभी साकेत नगर में किराए पर कमरा लेकर रह रहा युवक यश कुमार अपने 8 से 10 साथियों के साथ पहुंच गया। इसके बाद बेटी पर कमेंट करने लगा।
जब बेटी ने कहा कि ये क्या बदतमीजी है। तुम मेरा रास्ता क्यों रोकते हो। इसके बाद आरोपी युवक ने उसके साथ बैडटच करना शुरू कर दिया। जब बेटी ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके मुंह पर 3 थप्पड़ मार दिए।
पीड़िता की मां ने बताया कि जब बेटी के साथ के छात्रों ने विरोध किया तो आरोपी युवक के साथ के करीब 8 से 10 लड़कों ने उन्हें मारना शुरू कर दिया। उसने एक छात्र के मुंह पर मारा और उसका चश्मा भी तोड़ दिया।
पीड़िता की मां ने बताया कि आरोपी युवकों ने बैडटच करने के बाद धमकी दी कि अगर कहीं शिकायत की तो तुम्हे और परिवार को जान से मार दूंगा। पीड़िता की मां ने बताया कि इससे मेरा परिवार डरा हुआ है। मेरे परिवार में कोई पुरुष नहीं है।
पीड़ित छात्रा ने कहा कि युवक मुझे 3 साल से परेशान कर रहा है। उसकी धमकी से मैं डरी हुई हूं। 

पीड़िता ने पुलिस से शिकायत में कहा कि अगर युवक पर कार्रवाई नहीं हुई तो मेरा स्कूल और कोचिंग आना जाना मुश्किल हो जाएगा। वहीं पुलिस की जांच में सामने आया कि युवक पहले छात्रा के यहां ही किराए पर कमरा लेकर रहता था। लेकिन अब दूसरी जगह रह रहा है। 

Related News