March 20, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
नगर वासियो को होली में पानी की कमी न हो, इसके लिए नगर निगम और जलकल ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हर बार की तरह इस बार भी कानपुर वासियों को तीन टाइम पानी सप्लाई किया जाएगा। होली पर पानी की कमी न हो, इसके लिए दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक पानी की अतिरिक्त सप्लाई की जायगी। 13 मार्च को होलिका जलेगी और 14 मार्च को रंग खेला जाएगा।
जलकल जीएम आनंद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 14 मार्च को होली पर बस्तियों में पानी की कमी न हो इसके लिए जलकल विभाग द्वारा पानी के टैंकर से पानी की सप्लाई सुबह से ही शुरू कर दी जाएगी।
सभी बस्तियों में 2-2 टैंकर भिजवाए जाएंगे, ताकि पानी की कमी न हो। वहीं कई जगहों पर होरियारों को खेलने के लिए रंगो की बौछार के लिए भी पानी की कमी नहीं होगी।
जलकल जीएम ने बताया कि होली और गंगा मेला पर तीनों टाइम पानी सप्लाई किया जाएगा। गंगा मेला वाले दिन हटिया, फूलबाग, बिरहाना रोड की तरफ पानी सप्लाई पर खास फोकस किया गया है। तेज प्रेशर से पानी की आपूर्ति की जाएगी।
जलकल सचिव ने बताया कि आम जनमानस को  जलापूर्ति और अन्य महत्वपूर्ण समस्या के निस्तारण के लिए जलकल कार्यालय में कन्ट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है। इसका टेलीफोन नं. 0512-22549018 है। समस्या के त्वरित निस्तारण के लिए जोनवार क्विक रिस्पांस टीमें भी बनाई गई हैं।