
संवाददाता
कानपुर। बीते कई दिनों से सर्दी और कोहरे का प्रकोप जारी है। देर रात से सड़कों पर छा रहा घना कोहरा सुबह होते-होते विजिबिलिटी को शून्य कर रहा है। सुबह की बात करें तो वाहन सवारों को गाड़ी चलाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस गिरा, जिससे गलन बढ़ी। सीएसए में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो कि सामान्य से 2.7 डिग्री कम है।
कानपुर में शुक्रवार सुबह से घना कोहरा छाया हुआ है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि उत्तर पश्चिमी हवाएं कानपुर मंडल और गंगा के मैदानी भागों में अपना असर दिखा रही हैं। जिससे रात का तापमान गिर रहा है। अगले 48 घंटे में 2 से 3 डिग्री तक तापमान गिरेगा और कोहरा भी बना रहेगा।
दोपहर में बर्फीली हवाओं की गति बढ़ेगी जो कि दिन में ठंडक बढ़ाएगी। साथ ही धूप भी निकलेगी। इसके बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ आएगा, जिससे तापमान बढ़ेगा। इसके बाद एक एंटी साइक्लोन बन रहा है, जिसके कारण बादलों की आवाजाही रह सकती है।
कोहरे के चलते ट्रेनों के लेट होना लगातार जारी है। आज 35 ट्रेने तय समय से घंटों देरी से कानपुर सेंट्रल पहुंची। नई दिल्ली से बनारस जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (22416) 09.39 घंटे, बनारस से चलकर अगरतला जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (20175) 1.25 घंटे देरी से आई।
नई दिल्ली से लखनऊ जाने वाली तेजस एक्सप्रेस (82502) 4.36 घंटे लेट रही। नई दिल्ली से हावड़ा जाने वाली कोलकाता राजधानी (12302) 4.14 घंटे, नई दिल्ली से सियालदह जाने वाली सियालदह राजधानी (12341) 5.10 घंटे देरी से कानपुर सेंट्रल आई।






