February 9, 2026

संवाददाता

कानपुर। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से मण्डल स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन 9 से 18 फरवरी  तक बृजेन्द्र स्वरूप पार्क, लॉन संख्या-2 में किया जाएगा। यह प्रदर्शनी न केवल खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों के प्रचार-प्रसार का माध्यम बनेगी, बल्कि ग्रामीण शिल्पियों और उद्यमियों को आर्थिक संबल भी प्रदान करेगी।  ये जानकारी परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने शनिवार को आयोजित एक पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि 

इस भव्य प्रदर्शनी का उद्घाटन 9 फरवरी  को सायं 5 बजे उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान करेंगे।  उद्घाटन समारोह में जनपद के सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य एवं अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधियों को भी बुलावा भेजा गया है। उनके अनुसार प्रदर्शनी में कानपुर मण्डल के साथ-साथ उत्तर प्रदेश एवं अन्य प्रदेशों से आई खादी और ग्रामोद्योगी इकाइयां प्रतिभाग करेंगी। 

इसके अतिरिक्त विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा संचालित रोजगारपरक योजनाओं से लाभान्वित एवं पंजीकृत उद्यमी भी अपने उत्पादों के साथ प्रदर्शनी में भाग लेंगे। आयोजन के लिए 100 स्टालों का निर्माण कर उन्हें उद्यमियों और प्रतिभागियों को आवंटित किया जाएगा।

प्रदर्शनी में खादी के वस्त्रों की व्यापक श्रृंखला देखने को मिलेगी, जिसमें खादी कपड़े, रेडीमेड वस्त्र, ऊनी परिधान प्रमुख रहेंगे। 

इसके साथ ही मुरादाबाद के आकर्षक पीतल उत्पाद, मिट्टी के पारंपरिक बर्तन, प्रतापगढ़ के आंवले से बने विविध उत्पाद, सहारनपुर का प्रसिद्ध फर्नीचर, चर्म उत्पाद, बांस-बेत से निर्मित हस्तशिल्प सामग्री तथा बनारस की विश्वविख्यात साड़ियां भी बिक्री एवं प्रदर्शन के लिए उपलब्ध रहेंगी।

आयोजकों ने शहरवासियों से अपील  भी की है कि वे अपने परिवार के साथ प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों की खरीदारी करें, जिससे ग्रामीण परिवेश में कार्यरत शिल्पियों और रोजगार से जुड़े लोगों को सीधा लाभ मिल सके और उनके जीवन में खुशहाली आए। 

एक प्रेस वार्ता के दौरान ग्रामोद्योग महासंघ के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, अभय कुमार त्रिपाठी एवं के.के. पाण्डेय उपस्थित रहे।

Related News