
संवाददाता
कानपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय नाथ ने मंगलवार सुबह 8 बजे बिल्हौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 15 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
सीएमओ ने अस्पताल की लैब, एक्स-रे रूम, ओपीडी और डेंटल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की। अस्पताल की छत पर उगे एक पौधे को देखकर उन्होंने इसे हटाने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि यह पौधा बिल्डिंग को नुकसान पहुंचा सकता है।
अधीक्षक धर्मेंद्र गुप्ता भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर की जांच की। अनुपस्थित कर्मचारियों में एएनएम कविता, फार्मासिस्ट हर्षित, स्टाफ नर्स राजीव, मनु व सुशीला, डॉ. मृत्युँजय, वार्ड बॉय शिवम, एसएन शिवाला, स्टाफ नर्स सर्वेश, शशिबाला शर्मा और एलटी शशिभूषण शामिल थे।
डॉ. उदय नाथ ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से वे विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। लेकिन डॉक्टर और अन्य स्टाफ की कार्यशैली में कोई सुधार नहीं आया है। उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए हैं।






