April 20, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
  पुलिस ने ऑपरेशन व्हाइट पाउडर के तहत बड़ी कार्रवाई की। इस ऑपरेशन में मादक पदार्थ की तस्करी में लिप्त मां और उसके दो बेटों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 516 ग्राम चरस, 2.236 किलो गांजा और 8,910 रुपए नकद बरामद किए हैं।
प्रशिक्षु आईपीएस डॉ. सुमेध मिलिंद जाधव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गंगा इंक्लेव के पास से अनीता सोनकर और उसके बेटे कौशल सोनकर को 2 किलो 236 ग्राम गांजा और नकदी के साथ गिरफ्तार किया। 

वहीं दूसरी पुलिस टीम ने बारासिरोही नहर के पास एल्डिको के पीछे से अनीता के दूसरे बेटे सूरज सोनकर उर्फ सूरज नाटा को 516 ग्राम चरस के साथ दबोच लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गांजा की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर करीब 200 रुपये में बेचते थे। नकद के साथ-साथ ऑनलाइन भुगतान भी लेते थे, जिससे उनका नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था। 

जांच में पता चला कि मां-बेटे काफी समय से मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त हैं और इससे अच्छी खासी संपत्ति जुटा चुके हैं। अनीता के बैंक खाते में करीब 2 लाख रुपये मिले हैं, जिन्हें फ्रीज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, अनीता के खिलाफ एक, सूरज पर तीन और कौशल पर चार मुकदमे पहले से दर्ज हैं। तीनों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जा रहा है और इनके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
ट्रेनी आईपीएस डॉ. सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि आरोपियों की संपत्ति की भी जांच कराई जा रही है। तस्करी से अर्जित संपत्ति को चिन्हित करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।