
संवाददाता
कानपुर। बर्रा थानाक्षेत्र में रिटायर्ड दरोगा के बंद पड़े मकान से लाखों की चोरी करने वाले दो ऑटो ड्राइवरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रिटायर्ड दरोगा की पत्नी दामाद की मौत पर शहर से बाहर गई हुई थी। मकान बंद पड़ा देखकर पड़ोसी ऑटो ड्राइवर ने रेकी करके अपने साथियों के साथ चोरी की थी। जब दरोगा की पत्नी वापस लौटी, तो सामान अस्त–व्यस्त पड़ा देखकर पुलिस को घटना की जानकारी दी थी। पुलिस पड़ोसी समेत तीन अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
जरौली फेस–1 निवासी सरला ने बताया उनके पति दिनेश दरोगा के पद से रिटायर हुए थे, कुछ साल पहले उनकी मौत हो चुकी थी। उनकी तीन बेटियां है, जिनकी शादी हो चुकी। उन्होंने बताया था कि उनके दामाद कैंसर की बीमारी से ग्रसित थे, जिससे उनकी मौत हो गई थी। जिस पर वह घर में ताला बंद करके चली गई थी।
जब वह वापस लौटी तो गृहस्थी का सारा सामान बिखरा पड़ा था, जबकि अलमारी में रखा कैश व जेवरात समेत करीब 7 लाख का माल गायब मिला। सूचना पर बर्रा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पीड़िता के घर से जाने से बाद पड़ोस में रहने वाले ऑटो ड्राइवर करन झा ने उनके घर की रेकी की। इसके बाद अपने साथी राज सक्सेना, विष्णु दुबे, जय शर्मा, विशाल के साथ मिलकर 19 दिसंबर को उनके घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। सभी आरोपी ऑटो ड्राइवर हैं, घटना को अंजाम देते हुए आरोपी सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए थे।
जिसके बाद पुलिस ने राज सक्सेना और विष्णु दुबे को फत्तेपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी साउथ ने बताया कि राज पर 4 मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में राज और विष्णु ने बताया कि चोरी के माल में उनके हिस्से में 40-40 हजार कैश व कुछ सोने चांदी के जेवरात आए थे।
डीसीपी साउथ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से 5 लाख का माल बरामद हुआ है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।






