आ स. संवाददाता
कानपुर। सर्दी में कोहरे का आगाज होते ही ट्रेनो और रोडवेज बसों पर इसका असर दिखना शुरू हो गया है। सीजन में पहली बार श्रमशक्ति, स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़ राजधानी सहित कई ट्रेनें घंटों लेट आकर रवाना हुई। 1342 यात्रियों ने टिकट लौटाए। साथ ही 53 यात्रियों को कनेक्टिंग रिजर्वेशन की वजह से दूसरी ट्रेनों में सफर करने की अनुमति दी गई।
दिल्ली रूट पर कोहरे की वजह से मेरठ, बुलंदशहर, आगरा, दिल्ली से आने वाली बसें सुबह के बजाय दिन में आई। इसका असर यह हुआ कि सुबह 8 बजे तक यात्री ही ठंडी की वजह से बस अड्डे नही पहुंचे। लखनऊ जाने वाली 12 बसों में से चार बसें ही गईं। बाकी बसें दिन में दस बजे के बाद गईं।
लेकिन कोहरे का असर फ्लाइटों पर नहीं पड़ा है। दिल्ली से कानपुर आने वाली फ्लाइट 15 मिनट देरी से आकर गई, जबकि मुंबई की औऱ अन्य फ्लाइटें समय पर आकर गईं। इसकी वजह यह रही कि जहां से ये फ्लाइटें आती हैं, वहां से उन्होंने समय पर उड़ान भरी। दोपहर को दृष्यता 800 मीटर से अधिक बनी रही।