
संवाददाता
कानपुर। मौसम का उतार-चढ़ाव बना हुआ है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक 5 जून तक आंधी-बारिश के आसार बने रहेंगे। रोज दिन में तेज धूप तो दोपहर बाद शहर के ऊपर बादल छाएंगे।
वहीं बादलों की आवाजाही और बारिश के चलते न्यूनतम तापमान 6 डिग्री कम होकर 23.4 डिग्री दर्ज किए गए।
पश्चिमी विक्षोभ के साथ आई कैस्पियन सागर की नमी ने अरब सागर की हवाओं के साथ मिलकर मौसम बदल दिया। नमी बढ़ने से बादल छा गए। लेकिन बिना बरसे ही निकल गए। ग्रामीण इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। लेकिन उमस बरकरार रही। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पांच जून तक इसी तरह का मौसम रहेगा। तेज हवाएं चलेंगी, स्थानीय स्तर पर बारिश भी होगी।
मौसम वैज्ञानिक डा. एस एन सुनील पांडे ने बताया कि माहौल में दोतरफा नमी बढ़ी है। कैस्पियन सागर की हवाओं की नमी माहौल के ऊपरी हिस्से में भर रही है, वहीं, अरब सागर से आने वाली हवाओं की नमी नीचे से माहौल में समा रही है। इससे बादलों की आवाजाही बढ़ गई है।
रोज दोपहर बाद मौसम इसी वजह से बदल रहा है। उन्होंने बताया कि 5 जून तक इसी तरह मौसम रहने के आसार हैं। दिन में उमस भरा माहौल रहेगा। इसके बाद शाम को मौसम में बदलाव होगा।
बादलों के छाए रहने की वजह से न्यूनतम पारा सामान्य औसत से 29.2 डिग्री से 5.8 डिग्री नीचे आ गया। अधिकतम तापमान सामान्य औसत 40.7 डिग्री से 1.4 डिग्री कम रहा है।
सुबह नमी का प्रतिशत 65 रहा। दोपहर को नमी 42 प्रतिशत हो गई। सीएसए के मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।