March 11, 2026

आज़ाद संवाददाता
कानपुर।  चकेरी इलाके में कृष्णा नगर गेट के पास जीटी रोड किनारे आग लग गई। यहां फुटपाथ पर खड़ी तीन प्राइवेट बसों में भयंकर आग लग गई। आग की लपटे 25 फीट ऊपर तक उठती हुई दिखाई दी।
घटना के बाद मौके पर दमकल की छह गाड़ियां पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग इतनी तेज थी कि उसने पास के प्लांट, टट्टर और एक पेड़ तक को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थानीय लोगों ने बताया ये बसें बिना किसी अनुमति के लंबे समय से यहां खड़ी की जाती थीं। इसके बारे में कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
आग से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। पुलिस ने पीएसी मोड़ से रामादेवी की तरफ आने वाली लेन को कुछ देर के लिए बंद कर दिया और वाहनों को दूसरी लेन से भेजा गया। इस दौरान जाम की स्थिति भी बनी।
थाना प्रभारी के मुताबिक आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। बस मालिकों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। घटना में किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *