June 20, 2025

संवाददाता

कानपुर। नगर सहित प्रदेश में नौतपा की शुरुआत 25 मई से शुरू होगी। 8 जून तक दिन और रात बेहद गर्म होंगे। 15 दिन बेहद तेज गर्म होंगे, लेकिन शुरुआती 9 दिन विशेष रूप से तपन वाले होंगे। इस दौरान पारा 46 डिग्री के पार भी जा सकता है।
आज के मौसम की बात करें तो हीटवेव और लू का कहर जारी रहेगा। हालांकि उत्तर से आ रही हवाओं ने लोगों को थोड़ी राहत दी है। रात में चली हवाओं ने गर्मी से राहत दी।अधिकतम तापमान 1 डिग्री कम होकर 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री बढ़कर 27.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। 8.1 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि हवा में नमी की मात्रा 73 फीसदी तक पहुंच गई है। इससे गर्मी के साथ उमस भी महसूस होगी। हालांकि नमी और बढ़ने से बादलों की आवाजाही भी बढ़ेगी। 22 मई से बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं। इससे लोगों को गर्मी और उमस से थोड़ी राहत मिलेगी।
हर साल जेठ महीने में जब गर्मी अपने चरम पर होती है, तब एक खास समय आता है जिसे नौतपा कहा जाता है। यह नौतपा 9 दिनों की वह अवधि होती है जब सूर्य की गर्मी सबसे ज्यादा महसूस होती है और तापमान कई जगहों पर रिकॉर्ड तोड़ सकता है।
हिंदू पंचांग के अनुसार, इस साल नौतपा 25 मई से शुरू होकर 8 जून तक चलेगा। हालांकि पूरे 15 दिन गर्मी तीव्र होती है, लेकिन शुरुआती 9 दिन विशेष रूप से अधिक तपन वाले होते हैं।
नौतपा के समय सूर्य देव पृथ्वी के बहुत करीब आ जाते हैं, जिससे सूर्य की किरणें पृथ्वी पर सीधे और तीव्र प्रभाव डालती हैं। जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में होते हैं, तो इसका असर गर्मी पर पड़ता है।
ज्योतिष के अनुसार, रोहिणी नक्षत्र शुक्र देव का होता है, जो सूर्य के शत्रु नक्षत्र के रूप में माना जाता है। यही कारण है कि जब सूर्य और शुक्र एक साथ आते हैं, तो गर्मी अधिक होती है।