February 15, 2026

संवाददाता 

कानपुर। देश के 77वें गणतंत्र दिवस का उत्सव कानपुर महानगर में पूरे हर्षोल्लास, देशभक्ति और सामाजिक एकता के साथ मनाया गया। शहर के हर कोने में तिरंगा शान से लहराता नजर आया और “वंदे मातरम्” व “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण गूंज उठा। खास तौर पर युवाओं में इस राष्ट्रीय पर्व को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक देशभक्ति के रंग छाए रहे।

मुख्य समारोह पुलिस लाइन में आयोजित भव्य परेड गणतंत्र दिवस समारोह का प्रमुख आकर्षण रही। अनुशासन, समर्पण और साहस का परिचय देती पुलिस टुकड़ियों की परेड ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवा, बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए चयनित पुलिस कर्मियों को प्रदेश सरकार के मंत्री नन्द गोपाल नंदी द्वारा सम्मानित किया गया। मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस बल समाज की रीढ़ है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को निष्ठा और ईमानदारी के साथ सेवा करते रहने का संदेश दिया।

जिलाधिकारी कार्यालय परिसर डी एम जितेन्द्र प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर राष्ट्रगान के बाद संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया गया और देश की एकता व अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। वहीं शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी ध्वजारोहण समारोह आयोजित किए गए। के.ई.एम. फूलबाग में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देश की विविधता में एकता को दर्शाया गया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

कमिश्नर कार्यालय, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कार्यालय, नगर निगम, कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए), जलकल विभाग तथा कानपुर मेट्रो कार्यालयों में भी विधिवत रूप से ध्वजारोहण किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और संविधान के मूल्यों का पालन करने की शपथ ली। कानपुर मेट्रो परिसरों में खास तौर पर युवा कर्मचारियों और यात्रियों में उत्साह देखने को मिला, जहां तिरंगे के साथ सेल्फी लेते और देशभक्ति गीत गुनगुनाते युवा नजर आए।गणतंत्र दिवस के अवसर पर शहर की सड़कों, चौराहों और सरकारी इमारतों को आकर्षक रोशनी और तिरंगे के रंगों से सजाया गया था। जगह-जगह स्वयंसेवी संगठनों द्वारा मिठाई वितरण, रक्तदान शिविर और सामाजिक सेवा के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। कई इलाकों में प्रभात फेरियां निकाली गईं, जिनमें बच्चों और युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए।

युवाओं ने इस बार गणतंत्र दिवस को नए अंदाज में मनाया। सोशल मीडिया पर देशभक्ति से जुड़े संदेश, रील्स और फोटो शेयर कर उन्होंने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। गणतंत्र दिवस पर कानपुर पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। हर वर्ग, हर उम्र के लोगों ने एकजुट होकर लोकतंत्र के इस महापर्व को मनाया।

Related News