March 8, 2026

संवाददाता
कानपुर।
नगर का मौसम इन दिनों उमस से भरा हुआ है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में अधिकतम आर्द्रता 77 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 56 प्रतिशत रही।
हवा की औसत गति 12 किलोमीटर प्रति घंटे रही। बारिश का असर शहर में बिल्कुल नहीं दिखा और वर्षा का आंकड़ा शून्य पर रहा।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले 5 दिनों में कानपुर के आसमान पर बादलों की आवाजाही बढ़ेगी।
हालांकि 13 सितम्बर शनिवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर सकती है, साथ ही हीट इंडेक्स भी बढ़ेगा।
मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि आज ट्रफ लाइन अपनी सामान्य स्थिति में राजस्थान के श्रीगंगानगर, यूपी के बरेली-बाराबंकी होते हुए पश्चिम बंगाल के पुरुलिया-दीघा और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इस वजह से प्रदेश में नमी बनी हुई है लेकिन फिलहाल बारिश की संभावना बेहद कम है।
कानपुर में अगले कुछ दिन गर्मी और उमस से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। लोगो को धूप और बढ़ते हीट इंडेक्स से जूझना पड़ेगा।