March 20, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
  बिल्हौर क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चौबेपुर थाना क्षेत्र के रौतापुर गांव में चोरों ने दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम देकर ग्रामीणों में दहशत फैला दी।
चोरों ने एक किसान के घर का ताला तोड़कर करीब दो लाख रुपये के जेवर और नगदी पार कर दी, वहीं गांव के ही एक अन्य व्यक्ति के दरवाजे पर बंधी करीब 80 हजार रुपए कीमत की भैंस खोलकर ले गए।
रौतापुर गांव निवासी किसान बलराम वर्मा अपने परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। देर रात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़ दिया। इसके बाद चोर करीब दो लाख रुपये के जेवर और 20 से 25 हजार रुपए की नगदी लेकर फरार हो गए। सुबह परिवार के लोग नीचे आए तो कमरे का ताला टूटा और सामान बिखरा देखकर चोरी का पता चला।
इसी गांव में चोरों ने दूसरी वारदात को भी अंजाम दिया। गांव निवासी सिद्धनाथ बाजपेई उर्फ छनन बाजपेई के दरवाजे पर बंधी करीब 80 हजार रुपये कीमत की भैंस को चोर रात में खोलकर ले गए। सुबह भैंस न मिलने पर परिजनों को चोरी की जानकारी हुई।
एक ही रात में हुई इन दो घटनाओं से गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से लोगों की नींद हराम हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
चौबेपुर थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि दोनों घटनाओं की सूचना मिली है। पुलिस टीम को जांच के लिए लगाया गया है और जल्द ही चोरों को पकड़कर घटना का खुलासा किया जाएगा। 

Related News