
संवाददाता
कानपुर। घाटमपुर के पतारा रेलवे स्टेशन पर एक युवक ने ट्रेन से कटकर अपनी जान दे दी। युवक बीते कुछ दिनों से परेशान चल रहा था।
स्टेशन मास्टर ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्टेशन के अंदर की घटना होने के चलते जीआरपी को सूचना दी। मौके पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। युवक के आत्महत्या करने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र के भरतपुर पिआसी गांव निवासी 45 वर्षीय गुलाब सिंह अविवाहित था। गुलाब सिंह सूरत में रहकर प्राइवेट नौकरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था। छोटे भाई रितेश ने बताया कि उनका बड़ा भाई गुलाब सिंह लगभग एक सप्ताह पहले ही सूरत से घर वापस लौटा था, वह बीते कुछ दिनों से परेशान रह रहा था।
परिजनों ने उससे इस बात की वजह पूछी, लेकिन उसने परेशानी की कोई भी बात नहीं बताई। गुलाब घर से खाना खाने के बाद खेत पर जाने को कहकर निकला था। इसके बाद जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की, तभी घाटमपुर पुलिस ने परिजनों को फोन करके गुलाब सिंह के पतारा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से कटकर जान देने की सूचना दी।
जानकारी मिलते परिजन रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। घटना स्टेशन के अंदर होने के चलते मौके पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। घाटमपुर इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि सूचना मिली थी, घटना स्टेशन परिसर की होने के चलते जीआरपी पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। युवक के आत्महत्या करने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।






